मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित गांवों का निर्माण आवश्यक:- मदन राठौड़
October 29th, 2026 | Post by :- | 14 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । 28 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज पंचायतीराज के हुए दुसरे चरण के मतदान में भी भाजपा के पक्ष में जोरदार मतदान हुआ है। उन्होने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के बाद पंचायती राज मे भी भाजपा का कमल खिलेगा और ग्राम विकास को गति मिलेगी हम अपने संकल्प पत्र में किये गए वादों को पूरा करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्प लिया है। गांवों में भी शहरों के समान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि ग्रामीण नागरिकों का जीवन अधिक सुगम, समृद्ध और सुविधाजनक बन सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित गांवों का निर्माण आवश्यक है। जब गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, तभी गांवों की समृद्धि सुनिश्चित होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए हमारे गांव, ढाणी और प्रदेश भी विकसित होना चाहिए। भाजपा विकास के संकल्प के साथ जनता के बीच जाती है विधानसभा चुनाव के समय पार्टी ने संकल्प पत्र जारी कर जनता को विश्वास दिलाया था कि सरकार बनने पर निर्धारित विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र के लगभग 78 प्रतिशत कार्य पौने तीन वर्ष की अवधि में पूरे किए हैं। यह भाजपा की प्रतिबद्धता और विकास के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायत चुनावों के लिए ‘ग्राम विकास संकल्प पत्र’ गांवों के सर्वांगीण विकास का रोडमैप है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों के समान मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पिछले तीन से चार दशकों में गांवों से शहरों की ओर आबादी का पलायन बढ़ा है, यदि गांवों में शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, इंटरनेट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, तो ग्रामीणों को बेहतर अवसरों के लिए अपना गांव छोड़ने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होने कहा कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल माध्यमों और डीबीटी का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसी दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में भी डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ग्राम विकास के लिए भाजपा शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता देती है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंख्या और जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा उपस्वास्थ्य केंद्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सामान्य उपचार के लिए शहरों की ओर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को निखारने और खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने का संकल्प लिया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवा अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ा सकेंगे तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे। उन्होने कहा कि गांवों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता भी समय की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों के किसान, मजदूर और पशुपालक परिवारों के बच्चों को पढ़ाई और कोचिंग के लिए शहरों में जाना पड़ता है, जहां उन्हें रहने और शिक्षा पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि अटल ज्ञान केंद्रों के माध्यम से युवाओं को इंटरनेट, ऑनलाइन शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों तथा ऑनलाइन मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे ग्रामीण युवा अपने गांव में रहते हुए ही शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।