(जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई) 90 वर्षीय बुजुर्ग को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर ₹2.15 करोड़ ठगने वाले 2 साइबर ठग केरल से गिरफ्तार
October 28th, 2026 | Post by :- | 18 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर दक्षिण जिला पुलिस ने एक बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर 2.15 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए केरल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ठगी की राशि अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवाकर चेक के जरिए निकाली थी।
​सीबीआई और आरबीआई अधिकारी बनकर दिया झांसा
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के अनुसार, रविन्द्र सिंह मोहनोत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जुलाई 2026 को उनके 90 वर्षीय मामा गणपत सिंह भण्डारी को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई से सीबीआई अधिकारी बताया और मुंबई में 50 करोड़ रुपये के हवाला ट्रांजेक्शन का डर दिखाया। उसने आरोप लगाया कि हवाला की कुछ राशि बुजुर्ग के बैंक खाते में आई है और गिरफ्तारी का भय दिखाकर परिवार में किसी को न बताने की धमकी दी।
​इसके कुछ समय बाद एक अन्य कॉलर ने खुद को आरबीआई (RBI) का बैंक मैनेजर बताकर संपर्क किया और म्यूचुअल फंड की डिटेल ले ली। आरोपियों ने बार-बार दबाव बनाकर अलग-अलग किश्तों में कुल 2 करोड़ 15 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
मामले की रिपोर्ट पर ज्योति नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। एडिशनल डीसीपी ललित शर्मा और एसीपी डॉ. पूनम के सुपरविजन व थानाधिकारी गुंजन सोनी के नेतृत्व में साइबर सेल और पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई।
​जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई स्तरों पर सैकड़ों बैंक खातों में भेजी गई थी। तकनीकी अनुसंधान के दौरान आईसीआईसीआई बैंक के एक संदिग्ध खाते से जुड़े 70 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन का सुराग मिला। इसी खाते से केरल के दो खातों में 5-5 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे, जिसे खाताधारकों ने चेक के जरिए निकाला था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ठग गिरोह अक्सर अकेले रहने वाले पढ़े-लिखे बुजुर्गों को अपना शिकार बनाते हैं। वीडियो कॉल पर वर्दी पहनकर और खुद को जांच एजेंसी का अफसर बताकर वे कई दिनों तक पीड़ितों को डिजिटल अरेस्ट और भ्रम में रखते हैं, ताकि वे परिजनों से बात न कर सकें। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या वीडियो कॉल पर डरें नहीं और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन पर दें।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।