(खोह नागोरियान पुलिस की बड़ी कार्रवाई) दिनदहाड़े ताले तोड़कर नकबजनी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार,स्मैक के नशे की पूर्ति के लिए सूने मकानों की रेकी कर वारदात को देता था अंजाम
October 27th, 2026 | Post by :- | 10 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर कमिश्नरेट के खोह नागोरियान थाना पुलिस ने इलाके में दिनदहाड़े घरों के ताले तोड़कर चोरी और नकबजनी की वारदात करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा माल-मशरूका बरामद कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए सूने मकानों को निशाना बनाता था।
​पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) श्रीमती रंजीता शर्मा के निर्देशानुसार इलाके में चोरी व नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन (RPS) के सुपरविजन और एसीपी मालवीय नगर शिवदयाल (RPS) के नेतृत्व में खोह नागोरियान थानाधिकारी सुनील गोदारा (पु.नि.) मय टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास तकनीकी व पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए सुराग जुटाए गए।
​थानाधिकारी सुनील गोदारा ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को परिवादी लवराज सिंह चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर के समय मकान नंबर 126, गोविन्द एन्क्लेव, खोरी रोपाड़ा के ताले तोड़कर घर में रखे जेवर और नकदी चोरी कर लिए गए। इस पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
​गठित विशेष टीम ने अथक प्रयास करते हुए आरोपी रामजीत मीणा (उम्र 27 वर्ष), पुत्र रामेश्वर मीणा, निवासी ग्राम नादखुर्द, थाना टोडाभीम, जिला करौली को धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्मैक के नशे का आदी है। वह दिन में कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करता और मौका मिलते ही ताला तोड़कर नकदी व जेवरात पार कर लेता था। चोरी के माल को वह राहगीरों को औने-पौने दामों में बेचकर उन रुपयों से स्मैक खरीदता था।
​पुलिस के अनुसार, आरोपी रामजीत मीणा इलाके का शातिर नकबजन है। इसके खिलाफ खोह नागोरियान थाने में ही वर्ष 2023 से 2026 के बीच चोरी और नकबजनी के 5 अलग-अलग प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी गहनता से पूछताछ कर रही है।
जयपुर (पूर्व) पुलिस ने खोरी रोपाड़ा क्षेत्र में दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर जेवर-नकदी चुराने वाले शातिर चोर रामजीत मीणा (निवासी करौली) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी स्मैक के नशे की पूर्ति के लिए सूने मकानों की रेकी कर वारदात को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी 5 मुकदमे दर्ज हैं।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।