(ई-कॉमर्स कंपनी में खेल) महंगे ब्लूटूथ हेलमेट बदलकर करते थे गबन,ज्योति नगर पुलिस ने 10 लाख के 200 हेलमेट सहित 2 शातिर दबोचे
October 24th, 2026 | Post by :- | 29 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी जयपुर की ज्योति नगर थाना पुलिस ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों व कंपनी के साथ धोखाधड़ी और गबन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के 200 से अधिक ब्लूटूथ लगे ब्रांडेड हेलमेट बरामद किए हैं।
​पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के अनुसार, 19 अक्टूबर को ‘हेडफॉक्स इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड’ के संचालक शुभम चौहान ने मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी कंपनी ब्लूटूथ युक्त स्मार्ट हेलमेट बनाती है (जिसकी प्रति हेलमेट बाजार कीमत लगभग 4,000 रुपये है) और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से इनकी बिक्री करती है। जनवरी 2026 से ही ग्राहकों द्वारा भेजे गए ऑर्डर में असामान्य रूप से गलत उत्पाद निकलने या डिब्बे खाली होने जैसी शिकायतों के साथ बड़ी संख्या में रिटर्न आ रहे थे, जिससे कंपनी को लाखों रुपये के हेलमेट गायब होने की आशंका हुई।
​*OLX पर सस्ते में बेच रहे थे माल*
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा व एसीपी डॉ. पूनम के सुपरविजन और थानाधिकारी गुंजन सोनी के निर्देशन में टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि सुरेंद्र कुमार नागर नाम का युवक OLX पर हेडफॉक्स कंपनी के हेलमेट मूल कीमत से काफी कम दामों में बेचने का विज्ञापन दे रहा है।
पुलिस ने सुरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। पड़ताल में सामने आया कि ई-कॉमर्स कंपनी में काम करने वाला एक अन्य कर्मचारी डिलीवरी व रिटर्न के दौरान असली महंगे ब्लूटूथ हेलमेट निकाल लेता था। उनकी जगह डिब्बों में सस्ती कंपनी के लोकल हेलमेट रखकर कंपनी को रिटर्न भिजवा दिए जाते थे। इसके बाद गबन किए गए असली हेलमेट सुरेंद्र कुमार और सुशील कुमार को सौंपे जाते थे, जो इन्हें सस्ते दामों पर अन्य ग्राहकों को बेचते थे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।