(जयपुर में एक घर में 4 हत्याएं) सुबह 4 बजे पत्नी और तीन बेटियों की हत्या,6 बजे बुजुर्ग पिता को चाय बनाकर दी और फरार हो गया कातिल
September 12th, 2026 | Post by :- | 14 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है। आरोपी राहुल झा ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों की ईंट से सिर पर वार करके हत्या कर दी। तीन बेटियों की उम्र 14 से 23 साल के बीच है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के करधनी थाना इलाके के गोविंदपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और 3 बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। घर के अंदर खून से सनी 4 लाशें मिलने के बाद से आसपास के पड़ोसी और स्थानीय लोग सहम गए हैं। वहीं, हत्याकांड के बाद से आरोपी मौके से फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राहुल झा ने शुक्रवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच अपने ही घर में पत्नी और 3 जवान बेटियों की हत्या कर दी। बेटियों की उम्र 14 से 23 साल के बीच बताई जा रही है। राहुल ने घर में मौजूद ईंटों और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले पत्थरों के टुकड़ों से चारों के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इस खौफनाक हमले में चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद भी आरोपी सामान्य तरीके से घर में रहा। पत्नी और बेटियों को मारने के बाद राहुल ने सुबह 6 बजे के करीब अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मी नाथ झा को दी चाय भी बनाकर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी राहुल झा ट्रेडिंग का काम करता है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह को हत्या की वजह माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया। पुलिस को मौके से खून से सने कपड़े मिले हैं, जिनकी FSL टीम से जांच करवाई जा रही है।
मृतकों की पहचान गीता झा और उनकी बेटियों नंदनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) के रूप में हुई है। गीता का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला। वहीं तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।