(जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई) उत्तर प्रदेश से दबोचा गया नशे का कुख्यात सौदागर सोनू सांसी
September 5th, 2026 | Post by :- | 11 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) जयपुर पुलिस की आदर्श नगर थाना टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब एक साल से फरार चल रहे कुख्यात नशा तस्कर सोनू सांसी (30) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसी कलां कस्बे से घेराबंदी कर दबोचा।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व,रंजिता शर्मा ने बताया कि जिले में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित अपराधियों की धरपकड़ का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी सोनू सांसी बेहद शातिर किस्म का तस्कर है और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए केवल व्हाट्सएप कॉल का ही इस्तेमाल कर रहा था।
जांच में सामने आया कि सोनू सांसी अपनी पत्नी रेखा सांसी के साथ मिलकर नशे का नेटवर्क चलाता था। गत 16 जुलाई 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने रेखा सांसी को 7.15 ग्राम स्मैक और 17,200 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में रेखा ने स्मैक की यह खेप अपने पति सोनू सांसी द्वारा मुहैया कराए जाने का खुलासा किया था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन और एसीपी जितेन्द्र सिंह शेखावत के सुपरविजन में थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। साइबर सेल से मिली सटीक तकनीकी जानकारी के आधार पर टीम ने आरोपी का पीछा आगरा, इलाहाबाद और मथुरा तक किया। मथुरा के कोसी कलां में अपनी बुआ के घर पहुंचने से ठीक पहले पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए भागने का प्रयास कर रहे सोनू सांसी को दबोच लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सोनू सांसी के खिलाफ विभिन्न थानों में एनडीपीएस और आबकारी कानून के 14 मामले दर्ज हैं, जबकि उसकी पत्नी रेखा सांसी पर भी 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से स्मैक के मुख्य सप्लायरों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।