जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर पश्चिम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप सिंह शेखावत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी पट्टों के माध्यम से जमीनों की खरीद-फरोख्त,बैंक से ऋण लेने तथा लोगों से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये ऐंठने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रदीप सिंह शेखावत (36 वर्ष),निवासी गांव सुलताना,जिला झुंझुनूं,वर्ष 2021 से दर्ज विभिन्न धोखाधड़ी के मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ पुलिस थाना विश्वकर्मा,जयपुर (पश्चिम) में कई प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी एक ही प्लॉट के कई फर्जी पट्टे तैयार कर लोगों को बेचने और बैंक से ऋण लेने जैसी वारदातों में शामिल रहा है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) प्रशांत किरण (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता तथा सहायक पुलिस आयुक्त अनुराग सहारण के सुपरविजन में थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह नरूका के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2021 और 2022 में धोखाधड़ी,जालसाजी,फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में कम से कम पांच मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।





