वीवीआईपी आगमन को लेकर पुलिस के पुख्ता प्रबंध, सुरक्षा व्यवस्था रहेंगी चाक-चौबंद: चन्द्र मोहन
October 30th, 2026 | Post by :- | 9 Views

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कुरुक्षेत्र पुलिस अलर्ट, पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा चलाया जा रहा चेकिंग अभियान

होटलों, धर्मशालाओं और संवेदनशील स्थानों की जांच कर रही पुलिस की टीमें

कुरुक्षेत्र, 29 अक्टूबर ( सुरेश पाल )  ।     जिला कुरुक्षेत्र में 1 नवंबर को माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के गुरुकुल कुरुक्षेत्र एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता प्रबंध किए हैं। वीवीआईपी सुरक्षा तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कुरुक्षेत्र पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है तथा विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर अपराध अन्वेषण शाखा, जिला पुलिस तथा कमांडो दस्तों की विभिन्न टीमें सक्रिय रूप से सुरक्षा जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस टीमों द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और शहर थानेसर के विभिन्न क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसके साथ ही शहर के होटलों, धर्मशालाओं तथा अन्य ठहरने के स्थानों पर भी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।

पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें और सुरक्षा संबंधी प्रत्येक पहलू पर गंभीरता से ध्यान दें।

कुरुक्षेत्र पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस द्वारा वीवीआईपी आगमन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।