(जयपुर में दर्दनाक हादसा) 13 माह की मासूम दिया को महिला लेक्चरर की कार ने कुचला,इलाज के दौरान मौत
जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित आदिनाथ नगर में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 13 माह की मासूम बच्ची दिया उर्फ किट्टू गुर्जर की मौत हो गई। आरोप है कि कॉलोनी में रहने वाली एक महिला लेक्चरर ने कार चलाते समय घर के बाहर खेल रही बच्ची को कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और परिजनों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया।
*घर के बाहर खेल रही थी मासूम*
जानकारी के अनुसार बच्ची के दादा रामकरण गुर्जर उसे गोद में खिलाकर घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान कॉलोनी के कुछ बच्चे खेलते हुए आए और दिया को खिलाने की जिद करने लगे। दादा ने बच्ची को नीचे उतार दिया। पास में उसकी दादी भी बैठी हुई थीं। शाम करीब 6:45 बजे कॉलोनी में रहने वाली महिला लेक्चरर काजल अपनी कार लेकर वहां पहुंची। आरोप है कि कार सीधे बच्ची के ऊपर चढ़ गई। परिजनों का कहना है कि महिला ने कार को रिवर्स भी लिया, जिससे दूसरी बार भी टायर बच्ची के सिर से गुजर गया।
*अस्पताल में मौत,परिजनों का हंगामा*
गंभीर हालत में बच्ची को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां बेसुध हो गई और बार-बार सिर्फ यही कहती रही “मेरी दिया कहां है… उसके बिना कैसे जीऊंगी।”
हादसे के बाद ईएचसीसी अस्पताल में परिजनों और कॉलोनीवासियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर मामला शांत कराया।
*दादा की शर्ट खून से सन गई*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद दादा रामकरण गुर्जर खून से लथपथ बच्ची को गोद में उठाकर उसी कार से अस्पताल पहुंचे। बच्ची के खून से उनकी शर्ट पूरी तरह सन गई थी। वहीं सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे पिता दिनेश गुर्जर का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
*हाल ही में मनाया था जन्मदिन*
परिवार के अनुसार 29 मार्च को ही मासूम दिया का पहला जन्मदिन मनाया गया था। परिवार में उससे बड़ा पांच साल का एक भाई भी है। बच्ची की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
*पुलिस जांच में जुटी*
जयपुर पुलिस के मालवीय नगर एसीपी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





