राजस्थान

जयपुर पुलिस आयुक्त ने रामगंज थाने में जनसुनवाई कर परिवादियों को दी राहत

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल ने रविवार को रामगंज थाने में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश भी दिए। इस दौरान विशेष अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) श्री अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त उत्तर श्री करण शर्मा,अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर—प्रथम एवं सहायक पुलिस आयुक्त रामगंज एवं माणकचौक व संबंधित एसएचओ और थाने के अधिकारीगण उपस्थित रहे। श्री सचिन मित्तल ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान कई परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आमजन को राहत देने के लिए थाना स्तर में प्रतिदिन जनसुनवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र में आपसी मुकदमें, पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, मकानों पर कब्जे, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित अन्य शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने सभी शिकायतों की जांच कर कम से कम समय में निश्चित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबधित अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं का तुरंत रिस्पॉन्स देने और निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान रामगंज सर्किल के रामगंज, गलतागेट एवं माणकचौक सर्किल के माणकचौक, सुभाषचौक, महिला थाना उत्तर पुलिस थाना क्षेत्र के परिवादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस आयुक्त को बताकर समाधान पाया। जनसुनवाई की खास बात यह रही कि परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाता है। समय लगने वाली अन्य समस्याओं के जल्द समाधान के लिए भी निर्देश दिया जाता है। गौरतलब है कि इससे पूर्व पुलिस आयुक्त द्वारा एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधरनगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमू एवं आमेर में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा चुका है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *