Uncategorized

देश के युवाओं के भविष्य पर लटक रही है तलवार, NEET पेपर लीक सरकार की सबसे बड़ी विफलता :भूपेंद्र सिंह जयरामपुर

Lokhit Express यमुनानगर / जगाधरी : 18 May : कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह जयरामपुर ने NEET सहित लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर सबसे ज्यादा चिंतित है, क्योंकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के सपनों के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है।

भूपेंद्र सिंह जयरामपुर ने कहा कि हर बार किसी न किसी भर्ती परीक्षा या प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हो जाना यह साबित करता है कि सरकार व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल हो चुकी है। NEET जैसे महत्वपूर्ण एग्जाम का पेपर लीक होना करोड़ों छात्रों और उनके परिवारों के विश्वास पर सीधा हमला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यह साफ दिखाई देता है कि शिक्षा व्यवस्था में दलालों और भ्रष्ट नेटवर्क का बोलबाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब सरकार दलालों के भरोसे चल रही है? आखिर कब तक युवाओं के भविष्य को इस तरह बर्बाद किया जाता रहेगा?

जयरामपुर ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चे दिन-रात मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक माफिया उनकी मेहनत पर पानी फेर देते हैं। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने की बजाय उन्हें निराशा और बेरोजगारी की ओर धकेल रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत शिक्षा और भर्ती प्रणाली में बड़े सुधार करने चाहिए तथा पेपर लीक मामलों में शामिल दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। यदि सरकार ने समय रहते सुधार नहीं किया तो देश का हर वर्ग और हर युवा सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने को मजबूर होगा।

भूपेंद्र सिंह जयरामपुर ने कहा कि देश का युवा अब जाग चुका है और वह अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कभी माफ नहीं करेगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Tarun Sharma Senior Journalist Haryana.