*महंत मनोज शर्मा ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और चंडीगढ़ प्रशासन से की अपील; गोमांस मामलों की केंद्रीय एजेंसियों से जांच की मांग*
चंडीगढ़। विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं चंडीगढ़ प्रशासन को पत्र लिखकर गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग उठाई है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा कि भारत में गौ माता को सनातन संस्कृति में विशेष स्थान प्राप्त है और करोड़ों लोगों की आस्था इससे जुड़ी हुई है। ऐसे में अब समय आ गया है कि सरकार इस दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा प्रदान करे।
महंत शर्मा ने एक भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “भारत की जनता करें पुकार, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करें सरकार।”
इसके साथ ही उन्होंने चंडीगढ़ में गोमांस पकड़े जाने के मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक सामने आए मामलों की जांच अधूरी रही है और जांच अधिकारियों ने गहराई से पड़ताल नहीं की, जिसके कारण असली आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
महंत मनोज शर्मा ने यह भी आशंका जताई कि कहीं गो तस्करों और ड्रग्स माफिया के बीच सांठगांठ कर देश की युवा पीढ़ी को नुकसान पहुंचाने के लिए गौ अवशेषों का दुरुपयोग तो नहीं किया जा रहा।
उन्होंने मांग की कि इन सभी मामलों की जांच केंद्रीय एजेंसियों से करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।
महंत शर्मा ने कहा कि यह मुद्दा केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है, जिस पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने की आवश्यकता है।





