राजस्थान

विपक्ष देश में रहकर देशद्रोही सोच के साथ कर रहा है कार्य,अनावश्यक भय, भ्रम और अफरा-तफरी ना फैलाएं कांग्रेस:- मदन राठौड़

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष द्वारा ईंधन और गैस की उपलब्धता को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने कहीं भी कमी की बात नहीं कही है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण चुनौतियां आ सकती हैं, लेकिन सरकार सभी आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह अनावश्यक भय और अफरा-तफरी फैलाने का प्रयास कर रहा है, जिससे जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि भारत एक परिवार की तरह है और इस प्रकार की भ्रामक सूचनाएं फैलाना राष्ट्रहित में नहीं है। सभी राजनीतिक दलों को सहयोग की भावना से कार्य करना चाहिए ताकि देश के नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए कहा कि संसद में बहस और चर्चा के लिए निर्धारित प्रक्रियाएँ हैं। यदि विपक्ष वास्तव में बहस करना चाहता है तो उसे संसदीय परंपराओं का पालन करना चाहिए। केवल हंगामा और बयानबाजी करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मुद्दा देशहित और सामाजिक समानता से जुड़ा हुआ विषय है। हमारे संविधान में भी समान नागरिक संहिता का उल्लेख किया गया है तथा समय-समय पर सर्वोच्च न्यायालय ने भी विभिन्न मामलों में इसकी आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि देश में सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलें, विशेषकर महिलाओं को न्याय और सम्मान मिले, इसी उद्देश्य से यूसीसी लागू किया जाना आवश्यक है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कुछ राज्यों द्वारा यूसीसी लागू करने की दिशा में पहल की जा रही है और यह स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि धीरे-धीरे पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू होगी, जिससे “एक देश, एक कानून” की भावना मजबूत होगी और समाज में भेदभाव समाप्त होगा। सरकार की नीयत पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो भी संकल्प लिया है, उसे पूरा किया है। तीन तलाक समाप्त करना, अनुच्छेद 370 हटाना तथा महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाना इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण भी निश्चित रूप से लागू होगा। भारतीय जनता पार्टी सदैव विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *