Uncategorized

मंत्री अनिल विज एसपी से बोले, “पुलिस का काम नशा कर गाड़ी चलाने वालों को रोकना, यहां पुलिसकर्मी स्वयं नशे में गाड़ी चला रहा है”

अम्बाला/अशोक शर्मा। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने नशे में धुत कार चालक पुलिस कर्मी द्वारा ई-रिक्शा को टक्कर मारने से हुई युवती की मौत मामले में कड़ा संज्ञान लिया है।

विज ने आज अम्बाला के एसपी को फोन कर इस मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह सामने आया है कि पुलिस कर्मी ने नशे में गाड़ी चलाई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा पुलिस का काम नशे में गाड़ी चलाने वालों को रोकना है जबकि यहां पुलिस कर्मी स्वयं नशे में गाड़ी चलाकर हादसे कर रहा है।

इससे पहले मंत्री अनिल विज के समक्ष इस हादसे में मारी गई युवती के परिजनों ने पुलिस द्वारा मामले में ढुलमुल कार्रवाई के आरोप लगाए। परिजनों ने कहा कि पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की जिससे आरोपी पुलिसकर्मी को एक अगले ही दिन जमानत मिल गई। उनका आरोप था कि पुलिस मुलाजिम होने के कारण इस मामले में ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई है। मंत्री अनिल विज ने परिजनों को मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि अम्बाला छावनी में गत दिनों नशे में धुत एक पुलिस कर्मी ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार 25 साल की युवती सड़क पर गिर गई और कार के नीचे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे जीटी रोड के निकट हुआ था। में हुआ। युवती गुरुग्राम में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थीं और दिल्ली से परिवार से मिलने अम्बाला आ रही थी। उसका भाई भी उस समय ई-रिक्शा पर सवार था जब यह हादसा हुआ।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *