मनोज शर्मा चंडीगढ़, श्री युगल विहार निकुंज समाधि गेट,मनीमाजरा स्थित मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय ठाकुर उत्सव के द्वितीय दिन का शुभारंभ आज प्रातः 108 श्री सुंदरकांड पाठ के भव्य आयोजन के साथ किया गया।
धार्मिक वातावरण में भक्तिमय भाव से किए गए इस पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।इसके उपरांत महिला मंडल पंचकूला द्वारा कीर्तन एवं भव्य गुणगान के साथ हरिनाम संकीर्तन किया गया,जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर में आध्यात्मिक उल्लास एवं भक्ति रस का संचार हो उठा। साध्वी बहन उमा सारथी जी महाराज की अध्यक्षता में चल रहा यह तीन दिवसीय महोत्सव बड़ी धूमधाम,श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हो रहा है।
मंदिर प्रवक्ता प्रेम सचदेवा ने बताया कि ठाकुर उत्सव में दूर-दूर से आई संगत द्वारा बढ़-चढ़कर भाग लिया जा रहा है। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं, भक्तों एवं सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि सबके सहयोग,प्रेम एवं आशीर्वाद से यह धार्मिक महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।





