बजट निर्माण की प्रक्रिया में हर वर्ग की सहभागिता का प्रयास : आरती सिंह राव – फरीदाबाद में किया गया प्री-बजट परामर्श बैठक का आयोजन
चंडीगढ़, 10 जनवरी – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि जनभागीदारी के बिना समावेशी विकास संभव नहीं है और इसी सोच के तहत सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि बजट निर्माण की प्रक्रिया में हर वर्ग की सहभागिता हो। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी हितधारकों के सुझावों से हरियाणा का स्वास्थ्य क्षेत्र और अधिक मजबूत, आधुनिक तथा जनहितैषी बनेगा।
आरती सिंह राव ने बताया कि कल मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह एवं अन्य मंत्रियों तथा अधिकारियों ने स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े बजट सुझावों को लेकर फरीदाबाद में जो “प्री-बजट परामर्श बैठक” का आयोजन किया , उसके प्रदेश हित में सकारात्मक एवं दूरगामी परिणाम होंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में चिकित्सा, दंत चिकित्सा और आयुष क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सकों, स्वास्थ्य उपकरण निर्माताओं, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं तथा पैरामेडिकल प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने खुले मंच पर उपस्थित सभी हितधारकों से सुझाव आमंत्रित किए। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि जो प्रतिभागी बैठक में अपने विचार व्यक्त नहीं कर सके, वे विशेष रूप से तैयार किए गए ऐप और वेबसाइट के माध्यम से अपने सुझाव प्री-बजट परामर्श प्रक्रिया के तहत भेज सकते हैं।
आरती सिंह राव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बहुमूल्य सुझाव राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को और सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जनभागीदारी की सरकार है और बजट तैयार करते समय सभी वर्गों से प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार सभी हितधारकों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा भाजपा सरकार पहली बार इस स्तर पर आम जनता और विशेषज्ञों से सुझाव लेकर बजट तैयार कर रही है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में ऐसी परंपरा नहीं रही।





