जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजनान्तर्गत शैक्षणिक सत्र 2025-26 की प्रोविजनल मैरिट सूची जारी कर दी गई है। निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव श्री आशीष मोदी ने बताया कि मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2025-26 की प्रोविजनल मैरिट सूची जारी कर, अभ्यर्थियों को आवंटित कोचिंग संस्थान उनकी एसएसओ आईडी पर प्रदर्शित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर, 2025 तक अभ्यर्थियों को ज्वाइन/ ऑटोअपग्रेड/ज्वाइन नहीं करने के तीन विकल्प उनकी एसएसओ आईडी पर प्रदर्शित होंगे, उनमें से एक विकल्प का चयन करना होगा। उन्होंने बताया कि यदि अभ्यर्थी द्वारा किसी भी विकल्प का चयन नहीं किया जाता है तो उसकी ज्वाइन करने की सहमति मानी जाएगी। श्री मोदी ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा ज्वाइन किए जाने की सहमति प्राप्त नहीं होने पर, योजनान्तर्गत सूचीबद्ध कोचिंग संस्थानों में रिक्त रह गई सीटों पर ऑनलाईन पोर्टल पर कोचिंग संस्थान ऑटो अपग्रेड करने के लिए प्रस्तुत ऑनलाइन अनुरोधों तथा उच्च मैरिट होते हुए भी कुछ अभ्यर्थियों द्वारा उनके प्रिफरेन्स में भरी गई संस्थानों में उस समय सीमित सीट उपलब्ध होने के कारण प्रोविजनल मेरिट सूची में आवंटित नहीं हो पाई, ऐसे अभ्यर्थियों को कोचिंग संस्थानों में श्रेणी/वर्ग वार उपलब्ध रिक्तियों तथा उनकी मेरिट के अनुसार केवल एक बार कोचिंग संस्थान ऑटो अपग्रेड किए जाने का प्रावधान योजना के पोर्टल पर है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा ऑटोअपग्रेड/ज्वाइन किए जाने की सहमति उपरान्त मुख्य मैरिट सूची जारी की जावेगी। उन्होंने बताया कि सत्र 2025-26 के लिए जारी मुख्य मैरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को इसी शैक्षणिक सत्र में विभाग द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि तक उनको आवंटित कोचिंग संस्थान के सूचीबद्ध किसी भी केन्द्र में अपनी सुविधानुसार आधार आधारित बायोमैट्रिक पहचान (फिंगर प्रिंट/आयरिश स्कैन/फेस रिकॉग्निशन) के माध्यम से ज्वाइन करना होगा। उन्होंने बताया कि उनको आवंटित कोचिंग संस्थान के किसी केन्द्र ज्वाइन कर लिए जाने के उपरान्त केन्द्र परिवर्तन करने का विकल्प नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी आगामी सत्रों में योजनान्तर्गत नवीन आवेदन कर योजना का पुनः लाभ लेने के लिए पात्र नहीं होगा। गौरतलब है कि योजनान्तर्गत सत्र 2025-26 के लिए जारी मेरिट सूची में से उनको आवंटित कोचिंग संस्थान में ज्वाइन करने की सहमति एवं ऑटोअपग्रेड किये जाने की प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट www.sje.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है।





