हरियाणा में भ्रष्टाचार पर सबसे बड़ा प्रहार: मुख्यमंत्री के निर्देश पर 7 रेंजों में एकसाथ ऑपरेशन, 4 ट्रैप सफल—लाइनमैन से लेकर SHO तक रंगे हाथों गिरफ्तार
December 5th, 2025 | Post by :- | 42 Views

चंडीगढ़, 5 दिसंबर। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SVB & ACB), हरियाणा ने आज पूरे प्रदेश के 7 रेंजों में एक साथ बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चलाया। इस व्यापक कार्रवाई में चार ट्रैप सफलतापूर्वक दर्ज हुए, जबकि एक प्रकरण का चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। यह हाल के वर्षों में ACB की सबसे संगठित और प्रभावी कार्रवाई मानी जा सकती है।ब्यूरो प्रमुख अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिसार रेंज — 27,000 रुपये रिश्वत लेते लाइनमैन गिरफ्तार

हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र में बिजली कनेक्शन शिफ्ट करने के नाम पर जय प्रकाश, लाइनमैन, शिकायतकर्ता से ₹35,000 की अवैध मांग कर रहा था। शिकायत मिलने पर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया और आरोपी को ₹27,000 रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा।

रोहतक रेंज — हल्का पटवारी 2,000 रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा गया

सोनीपत के पुरानी तहसील परिसर में हल्का पटवारी युद्धवीर सिंह शिकायतकर्ता से जमीन का इंतकाल करवाने के बदले ₹2,000 की रिश्वत मांग रहा था।लेडी इंस्पेक्टर उषा की टीम ने ट्रैप बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

फरीदाबाद रेंज — पुलिस सब-इंस्पेक्टर 1.50 लाख रुपये लेते पकड़ा गया

फरीदाबाद के थाना धौज के पुलिस सब-इंस्पेक्टर सुमित कुमार शिकायतकर्ता के खिलाफ दर्ज मामले का चालान कोर्ट में पेश करने के नाम पर ₹1,50,000 की रिश्वत मांग रहा था। इंस्पेक्टर परवीन कुमार की टीम ने सटीक कार्रवाई कर आरोपी को पूरी राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

सोनीपत रेंज — SHO GRP सोनीपत 5,000 रुपये लेते हिरासत में
सोनीपत में GRP के SHO इंस्पेक्टर विजयपाल सिंह शिकायतकर्ता के खिलाफ आई एक शिकायत को बंद करने के एवज में ₹10,000 की मांग कर रहा था।इंस्पेक्टर सचीव कुमार की टीम ने अभियुक्त को ₹5,000 लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

7 रेंजों में एकसाथ ऑपरेशन—4 रेंजों में बड़ी सफलता

राज्य सतर्कता ब्यूरो के प्रमुख अजय सिंघल ने बताया कि आज की कार्रवाई में हरियाणा के सभी 7 रेंजों में टीमों को सक्रिय किया गया। इनमें से 4 रेंजों में ट्रैप सफल रहे, जबकि एक केस न्यायिक विचार हेतु आगे बढ़ाया गया।

ब्यूरो प्रमुख ने कहा—भ्रष्टाचार के विरुद्ध राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा। भ्रष्ट अधिकारी/कर्मचारी किसी भी हाल में नहीं बचेंगे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।