पल्स पोलियो अभियान के तहत कठूमर में शून्य से पाँच वर्ष के बच्चों को पिलाई गई ‘दो बूँद ज़िंदगी की’
- जे
कठूमर (अशोक भारद्वाज ) पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए रविवार को कठूमर उपखंड क्षेत्र में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का प्रभावी आगाज़ हुआ। एएनएम निक्की ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से शून्य से पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। सुबह से ही क्षेत्र के निर्धारित पोलियो बूथों पर अभिभावकों की भीड़ देखने को मिली, जो अपने बच्चों को ‘दो बूँद ज़िंदगी की’ पिलाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कई बूथों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डोर-टू-डोर अभियान: स्थानीय चिकित्सा प्रभारी जवाहर सैनी ने बताया कि रविवार को बूथ स्तर पर दवा पिलाने के बाद, सोमवार से तीन दिवसीय घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का सघन अभियान चलाया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से बाहर न रहे। अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी और स्वास्थ्यकर्मी पूरी लगन से जुटे रहे। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी ने इस अभियान की सफलता के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है और कहा है कि पोलियो मुक्त स्थिति को बनाए रखने के लिए हर चरण में दवा पिलाना अत्यंत आवश्यक है।





