मनोज शर्मा ,चंडीगढ़। सुप्रसिद्ध साहित्यकार प्रेम विज और डॉ. सरिता मेहता का जन्मदिन महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल,दरिया,चंडीगढ़ में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के आरंभ में प्रसिद्ध गायक सुरजीत सिंह धीर ने शब्द गायन प्रस्तुत कर दीर्घायु की कामना की। तत्पश्चात स्कूल के विद्यार्थियों ने
दोनों साहित्यकारों की लिखी हुई कविताओं को पेश किया और खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में कविवर डॉ. विनोद कुमार शर्मा और स्टाफ एवं प्रबंधन की सक्रिय भूमिका रही। कविवर प्रेम विज को राज विज,सुरजीत सिंह धीर,डॉ.सतोष गर्ग,कोलकाता से पधारे डॉक्टर संगीता चौधरी, डॉक्टर सुप्रभात लाहा की उपस्थिति में स्कूल पहुंचने पर पुष्प गुच्छ और बैंड बाजों से स्वागत किया। इस अवसर पर बोलते हुये डॉक्टर विनोद शर्मा ने बताया कि इन दोंनों साहित्यकारों का स्कूल में जन्मदिन मनाया जा रहा है और इसे भविष्य में भी जारी रखा जाएगा। इस दिवस का नाम नव चेतना दिवस है। इसमें विशेष रूप से बाल कवि भी भाग लेते हैं और दोनों साहित्यकारों की रचनाएं प्रस्तुत करते हैं। डॉ. सरिता मेहता अमेरिका में होने के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कार्यक्रम से जुड़ीं। डॉ. संगीता चौधरी ने शास्त्रीय संगीत में रविंद्र नाथ टैगोर की रचना पेश की। डॉ. संतोष गर्ग ने प्रकृति से संबंधित कविता सुनाई। डॉ. सरिता मेहता और प्रेम विज की रचनाओं की प्रस्तुति बड़ी मनमोहक थी। साइमा प्रवीन ने प्रेम विज की रचना प्रस्तुत करते हुए कहा- डिग्रियां हासिल कर कामयाबी के आकाश को छूना चाहता था। लक्ष्मी ने कहा – आओ हम यह लक्ष्य बनाएं भारत को हम स्वच्छ बनाएं। विष्णु ने कहा- मेरी जिंदगी और बंदगी आप हैं। मुस्कान ने कहा- चौपालों से रौनक क्यों चली गई। साक्षी ने कहा- अचानक एक दर्द भारी चीज सुनाई दी,बाबा ने कहा बाहर देखो।
वहीं डॉ. सरिता मेहता द्वारा लिखित रचना प्रस्तुत करते हुए सुहासिनी ने कहा- माना मातृभूमि भारत से बहुत ही दूर बैठी हूँ। परी ने कहा – दूर प्रदेश में आकर,अपने देश को बहुत याद किया बहुत ही खटकने लगता है। काजल ने कहा – मोहब्बत भरे दो शब्द। दिलबाग ने कहा – सुन ! क्या कहता है झरने का यह बहता पानी। अन्य कई विद्यार्थियों ने भी दोनों साहित्यकारों की रचनाएं प्रस्तुत की। कविवर प्रेम विज ने स्कूल के प्रबंधकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पहली बार है कि किसी स्कूल ने साहित्यकारों को इतना ज्यादा महत्वपूर्ण और आदर प्रदान किया है। तत्पश्चात उन्होंने अपना लोकप्रिय गीत – अगर दुनिया वालों मोहब्बत न होती, किसी को किसी की जरूरत न होती पेश किया। इस अवसर पर डा विनोद शर्मा द्वारा लिखित भजन ओम भज को बच्चों ने संगीत में प्रस्तुत किया। डॉ संगीता चौधरी ने आर्थिक तौर से कमजोर वर्ग के दो विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म भेंट और बच्चों को स्टेशनरी भी वितरित की। प्रेम विज और डॉ. सरिता मेहता ने बच्चों की रिफ्रेशमेंट के लिए स्कूल को नकदी दी। कार्यक्रम का संचालन किरण प्रभा ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम संगीत के अध्यापक सुभाष कुमार के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम के समापन पर केक कटिंग सेरेमनी हुई। हैप्पी बर्थडे गीत पर विद्यार्थियों और उपस्थित गणमान्य लोगों ने नृत्य पेश किया।





