*चंडीगढ़ में पहली बार पीआरजीआई द्वारा हाइब्रिड कार्यशाला का आयोजन*
July 12th, 2025 | Post by :- | 1 Views

मनोज शर्मा,चंडीगढ़ । भारत के प्रेस रजिस्ट्रार जनरल (पीआरजीआई)योगेश कुमार बावेजा ने आज पंजाब, हरियाणा,हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ क्षेत्र के समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं के प्रकाशकों के लिए आयोजित एक हाइब्रिड कार्यशाला की अध्यक्षता की। यह कार्यशाला यूटी गेस्ट हाउस,चंडीगढ़ में आयोजित की गई।

कार्यशाला का उद्देश्य समाचार पत्रों,पत्रिकाओं और अन्य प्रेस से जुड़े पंजीकरण एवं अन्य कार्य संबंधी प्रक्रियाओं में आने वाली समस्याओं का समाधान करना था। इसके अलावा प्रेस सेवा पोर्टल और प्रेस एवं पत्रिका पंजीकरण अधिनियम,2023 की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
अपने संबोधन में पीआरजीआई योगेश बावेजा ने कहा कि प्रेस पोर्टल का उद्देश्य समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं के पंजीकरण,रेगुलेटरी और सर्कुलेशन वेरिफिकेशन से जुड़े प्रक्रियाओं में डिजिटल माध्यम से पारदर्शिता और सुगमता लाना है। उन्होंने बताया कि प्रेस सेवा पोर्टल के माध्यम से प्रकाशक अपने पंजीकरण से संबंधित सभी कार्य ऑनलाइन कर सकेंगे,जिससे समय और धन की बचत के अलावा पारदर्शिता के साथ पंजीकरण प्रक्रिया तेज़ी से पूरी की जा सकेगी। जिससे कार्यक्षमता भी बढ़ेगी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
कार्यशाला के दौरान पीआरजीआई ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रकाशकों की समस्याएं सुनीं और कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया।
इससे पहले प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो चंडीगढ़ के अपर महानिदेशक श्री विवेक वैभव ने प्रेस महापंजीयक योगेश बावेजा का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला पहली बार चंडीगढ़ में आयोजित की गई है जो समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कार्यशाला चंडीगढ़,पंजाब,हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के सभी समाचार पत्रों के प्रकाशकों और मालिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर उप प्रेस रजिस्ट्रार आशुतोष मोहले ने प्रेस सेवा पोर्टल और प्रेस एवं पत्रिका पंजीकरण अधिनियम,2023 पर एक पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की। उन्होंने प्रकाशकों को अधिनियम के अंतर्गत लागू विभिन्न नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी और बताया कि नया पंजीकरण अधिनियम पुराने अधिनियम को संशोधित कर पंजीकरण प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुगम बनाया गया हैं। सभी समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों ने गहरी रुचि के साथ जानकारियां को प्राप्त किया।
इस मौके पर प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो चंडीगढ़ की सहायक निदेशक श्रीमती शीनम जैन ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया और मीडिया एवं जनसंचार अधिकारी अहमद खान ने मंच का संचालन किया।
इस अवसर पर सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने इस कार्यशाला के आयोजन के लिए पीआरजीआई का आभार व्यक्त किया और अनुरोध किया कि भविष्य में भी समय-समय पर ऐसी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए,जिससे उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।