राजस्थान

विशेष न्यायालय द्वारा श्री रामचन्द्र हैड कॉन्स्टेबल 641 के प्रयासों की सराहना

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । श्रीमती राशि डोगरा डूडी पुलिस उपायुक्त (उत्तर) ने बताया कि माननीय विशिष्ट न्यायाधीश, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012″ (पॉक्सो एक्ट) क्रम संख्या 2, जयपुर महानगर प्रथम, जयपुर द्वारा एफआईआर नंबर 235/14, सेशन प्रकरण संख्या 100/2018, पुलिस थाना गलतागेट राज्य बनाम करिश्मा प्रकरण में दिए गए निर्णय दिनांक 10.01.2025 में थाना गलतागेट, जयपुर (उत्तर) के हैड कॉन्स्टेबल श्री रामचन्द्र, बेल्ट नंबर 641 द्वारा किए गए उल्लेखनीय प्रयासों की न्यायालय ने खुलकर सराहना की है। प्रकरण में अभियुक्तों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में आरोप तय किए गए थे, जिनमें हैड कॉन्स्टेबल श्री रामचन्द्र द्वारा अभियुक्तों को राज्य से बाहर होने के बावजूद गहन खोजबीन व सतर्कता से गिरफ्तार कर समय पर न्यायालय में पेश किया गया, जिससे इस गंभीर आपराधिक मामले में त्वरित निर्णय संभव हो सका। न्यायालय ने अपने आदेश में यह स्पष्ट रूप से अंकित किया कि श्री रामचन्द्र की सक्रियता, ईमानदारी, एवं कर्तव्यनिष्ठा के चलते अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सकी, जिसके लिए वे प्रशंसा के पात्र हैं।
उपरोक्त क्रम में पुलिस उपायुक्त, जयपुर उत्तर द्वारा हैड कॉन्स्टेबल श्री रामचन्द्र को ₹5000 (पाँच हजार रुपये मात्र) की नकद इनाम राशि से पुरस्कृत किया जा चुका है। यह पुरस्कार उन्हें उनके अनुकरणीय कार्य, असाधारण मेहनत और कर्तव्य परायणता हेतु प्रदान किया गया है। पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) द्वारा यह आशा व्यक्त की गई है कि श्री रामचन्द्र जैसे अधिकारी अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा बनेंगे और समाज में अपराधों की रोकथाम हेतु सतत प्रयासरत रहेंगे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *