आपदा प्रबंधन को लेकर सोनीपत में मॉक ड्रिल की तैयारी पूरी :- उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार 
May 6th, 2025 | Post by :- | 22 Views
सोनीपत से अश्वनी गोयल की रिपोर्ट
   जिले में आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन द्वारा बुधवार सायं 4 बजे एक व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए लघु सचिवालय परिसर में स्टेज एरिया निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार राजस्व विभाग के सचिव श्री एस. नारायण के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।
 सायरन के साथ होगी मॉक ड्रिल की शुरुआत
उपायुक्त ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर एक साथ सायरन बजाए जाएंगे, जिसके बाद अभ्यास शुरू होगा। इस दौरान पुलिस, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं की प्रतिक्रिया क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा।
 जनता से सहयोग की अपील
उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान कोई भी पैनिक न फैलाएं। सभी लोग अपने घरों में ही रहें और अफवाहों से बचें। न तो स्वयं कोई अफवाह फैलाएं और न ही दूसरों को फैलाने दें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल प्रशासन समय-समय पर करता रहता है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके।
 अहम निर्देश और तैयारियां
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, मेडिकल कॉलेज, सभी अस्पताल तथा अन्य आवश्यक सेवाएं प्रयोग की जाएगी। जनता से अनुरोध किया गया है कि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को रास्ता दें और किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें।
मॉक ड्रिल के संचालन हेतु लघु सचिवालय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
बैठक में डीसीपी कुशल सिंह, नगराधीश डॉ. अनमोल, एसीपी राहुल देव व राजपाल, होमगार्ड के जिला कमांडेंट श्री सुरेंद्र हुड्डा सहित संबंधित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।