(शहर में पानी के मीटर चुराने वाली गैंग का पर्दाफाश) मुख्य आरोपी व कबाड़ी गिरफ्तार
November 22nd, 2026 | Post by :- | 17 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । ​शहर में लगातार हो रही पानी के मीटर चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए बजाज नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने पानी के मीटर चुराने वाले मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में शहर के करीब आधा दर्जन से अधिक थाना इलाकों से 200 से ज्यादा पानी के मीटर चुराने की बात कबूल की है।
*​यह है पूरा मामला*
डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 17 नवंबर को मानसिंहपुरा निवासी राकेश, महेश और टीकमचंद ने अपने घरों के बाहर लगे पानी के मीटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी (पूर्व) पारसमल जैन के निर्देशन और एसीपी (मालवीय नगर) शिवदयाल के सुपरविजन में थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
*​300 सीसीटीवी फुटेज और 200 फुटपाथ खंगाले*
वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों की पहचान हुई। आरोपी अपने मूल पते से फरार होकर फुटपाथों पर रह रहे थे। पुलिस ने रातभर शहर के 200 से अधिक फुटपाथों और खानाबदोश बस्तियों में सघन तलाशी अभियान चलाकर मुख्य आरोपी लेखराज प्रजापत (22) निवासी गोनेर को दबोच लिया।
​लेखराज की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के मीटर खरीदने वाले कबाड़ी इरसाद मियां (38) मूल निवासी विदिशा (मध्यप्रदेश) हाल मालपुरा गेट, जयपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 7 पानी के मीटर और वारदात में इस्तेमाल किया गया एक्टिवा स्कूटर बरामद किया है।
*​वारदात का तरीका व अन्य इलाकों में चोरियां*
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी के एक्टिवा स्कूटर पर टोली बनाकर दिन व रात में कॉलोनियों की रैकी करते थे। मौका पाकर घरों के बाहर लगे पानी के मीटर खोल ले जाते और उन्हें कबाड़ी को बेचकर मिले रुपयों से अपने शौक-मौज पूरे करते थे। आरोपियों ने ज्योति नगर, महेश नगर, प्रताप नगर, रामनगरिया, शिप्रापथ, मानसरोवर, मालवीय नगर और जवाहर सर्किल सहित अन्य इलाकों से 200 से अधिक मीटर चुराना कबूल किया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल रामावतार और महेन्द्र कुमार की विशेष भूमिका रही।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।