जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी)। जिला पुलिस अधीक्षक (जयपुर ग्रामीण) हनुमान प्रसाद (आईपीएस) के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कालाडेरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले 6 माह से फरार चल रहे वांछित मादक पदार्थ सप्लायर बिल्लू सांसी को जयपुर से गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) नीरज पाठक और गोविन्दगढ़ वृत्ताधिकारी शिवा शर्मा के सुपरविजन तथा कालाडेरा थानाधिकारी (पुलिस निरीक्षक) पूजा पूनियां के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जयपुर से डिटेन किया और पूछताछ के बाद 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, गोविन्दगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण संख्या 87/26 दर्ज है। इस मामले में गोविन्दगढ़ पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए आरोपिया सुलोचना देवी सांसी के कब्जे से 1.125 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया था। पूछताछ में सुलोचना ने यह गांजा सप्लायर शंकर लाल सांसी से लाना बताया था। इसके बाद पुलिस ने 24 जून 2026 को शंकरलाल सांसी को गिरफ्तार किया, जिसने अनुसंधान के दौरान मुख्य सप्लायर बिल्लू सांसी से गांजा खरीदने की बात कबूली थी। घटना के बाद से ही मुख्य सप्लायर बिल्लू सांसी फरार चल रहा था।
*गिरफ्तार आरोपी की पहचान*
पकड़े गए आरोपी की पहचान बिल्लू सांसी (33) पुत्र स्व. कालूराम सांसी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से खण्डेला मोड़, सिलकीवाडा (थाना खण्डेला, जिला सीकर) तथा बापू कच्ची बस्ती, जे.डी.ए. के पीछे (थाना विद्याधर नगर, जयपुर शहर) का निवासी है, जो वर्तमान में जोडला पावर हाउस के पास, मनीष पब्लिक स्कूल के सामने, हरमाड़ा (जयपुर) में रह रहा था।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।

