गजसिंहपुर,(यश कुमार)। गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, श्रीगंगानगर में कार्यरत कंपनी कमांडर नत्था सिंह को पदोन्नति की सौगात मिली है। राजस्थान गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा सेवा कैडर 1976 के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में वरिष्ठता सह योग्यता के आधार पर उन्हें 1 अगस्त 2025 से उप समादेष्टा (डिप्टी कमांडेंट) के पद पर पदोन्नत किया गया है। नत्था सिंह की इस पदोन्नति को उनके लंबे सेवाकाल और विभाग के प्रति समर्पण का सम्मान माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि वे 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। सेवानिवृत्ति से पहले उच्च पद पर पदोन्नति मिलने से उनके परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। गृह रक्षा विभाग में नत्था सिंह ने अपनी सेवा के दौरान हमेशा अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल पेश की। उन्होंने प्रशिक्षण केन्द्र में जवानों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ विभाग के विभिन्न अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में अनेक होमगार्ड जवानों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर विभाग में अपनी सेवाएं दीं। उनकी पदोन्नति की खबर मिलते ही गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र में खुशी की लहर दौड़ गई। साथी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी और मिठाई बांटकर खुशी मनाई। उनकी पदोन्नति पर गृह रक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। परिजनों ने कहा कि यह पदोन्नति उनकी वर्षों की मेहनत और लगन का परिणाम है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।

