अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने और देश में अराजकता फैलाने से कभी भी हासिल नहीं होगी सत्ता:- मदन राठौड़
November 18th, 2026 | Post by :- | 24 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस द्वारा आयोजित हैदराबाद समिट को भारत विरोधी एजेंडे का मंच बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के नाम पर ऐसे विदेशी प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया, जिनका अतीत भारत के राष्ट्रीय हितों, नीतियों और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के विरोध से जुड़ा रहा है। कांग्रेस ने इस आयोजन के माध्यम से भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को प्रोत्साहित करने और दुनिया के सामने भारतीय लोकतंत्र की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने सम्मेलन का नाम ‘भारत समिट’ रखा, लेकिन वहां भारत विरोधी विचारों को अभिव्यक्ति देने का अवसर प्रदान किया। भारत में भारतीय प्रधानमंत्री के खिलाफ विदेशी प्रतिनिधियों व कांग्रेसियों द्वारा लगाये गये नारे दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह विडंबना ही है कि जिस देश ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, उसी देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी विदेशी प्रतिनिधियों के साथ मिलकर भारत की छवि खराब करने में जुटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन, आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है, लेकिन कांग्रेस को देश की यह उपलब्धियां रास नहीं आ रही हैं। राठौड़ ने कहा कि इस सम्मेलन में नीदरलैंड के पूर्व विदेश मंत्री बर्ट कोएंडर्स, इक्वाडोर के पूर्व विदेश मंत्री गियौम लॉन्ग, इंडोनेशिया के पूर्व मंत्री अनीस बसवेदन, मलेशिया की पूर्व सांसद नूरुल इज़्ज़ाह अनवर, पुर्तगाल की पूर्व मंत्री मारिया जोआओ रोड्रिग्स और अमेरिकी राजनयिक पैट्रिक गैस्पार्ड जैसे लोगों को आमंत्रित किया गया। इनके पूर्व बयानों, अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों और भारत संबंधी रुख को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में इनके साथ भारत में मंच साझा करना चिंतनीय है। राठौड़ ने कहा कि बर्ट कोएंडर्स पर भारत के परमाणु परीक्षणों के बाद प्रतिबंधों की पैरवी करने और कश्मीर के मामले में तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की मांग उठाने का बयान दिया था। ऐसे ही गियौम लॉन्ग पर कश्मीर को लेकर भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय रुख का समर्थन करने और नागरिकता संशोधन कानून के विरोध से जुड़े समूहों के साथ जुड़ाव सामने आया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और आंतरिक नीतियों पर विदेशी हस्तक्षेप को बढ़ावा देने वाले लोगों को आमंत्रित करने के पीछे उसका उद्देश्य क्या है? कांग्रेस के पास देश की जनता के सामने अपनी राजनीतिक विफलताओं का कोई जवाब नहीं है, इसलिए कांग्रेस विदेशी मंचों का सहारा लेकर भारत को बदनाम करने की साजिश रह रची है। राठौड़ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने और विदेशों में जाकर देश के खिलाफ माहौल बनाने से सत्ता हासिल नहीं होने वाली। कांग्रेस जिस राजनीतिक दिशा में आगे बढ़ रही है, इस आधार पर तो कांग्रेस का सत्ता में लौटना मुंगेरी लाल के हसीन सपने जैसा होगा। देश की जनता राष्ट्रहित और विकास की राजनीति चाहती है, न कि विदेशी ताकतों के सहारे भारत की छवि खराब करने का एजेंडा, जो कि लोकसभा के नेताप्रतिपक्ष करने का प्रयास कर रहे हैं।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।