जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी गोपा अष्टमी महोत्सव के पावन अवसर पर मंगलवार को मांग्यावास स्थित स्वामी टेऊराम गौशाला पहुंचे। उन्होंने वहां गौमाता के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा गौशाला में आयोजित आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता की। देवनानी ने संत भगत प्रकाश का आशीर्वाद लिया। संतों ने देवनानी का शॉल ओढाकर सम्मान किया। देवनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय रहा है। हमारी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गौमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है।
देवनानी ने कहा कि गोपा अष्टमी भगवान श्रीकृष्ण की गौसेवा, गौरक्षा और गोपालन के आदर्शों का स्मरण कराने वाला पावन पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से गौसेवा को लोकमंगल, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और समस्त जीवों के प्रति करुणा से जोड़ा। गौमाता भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि परंपरा और हमारी सांस्कृतिक आस्था का अभिन्न अंग रही हैं।
देवनानी ने कहा कि भारतीय परंपरा में गाय का महत्व धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है अपितु उसका ग्रामीण जीवन, पर्यावरण और दैनिक व्यवहार में भी विशिष्ट स्थान रहा है। प्राचीन समय से घरों के आंगन एवं फर्श को गोबर से लीपने की परंपरा रही है। इसे घर की स्वच्छता एवं शुद्धता से जोड़कर देखा जाता रहा है। गोबर का उपयोग जैविक खाद तथा प्राकृतिक संसाधन के रूप में भी किया जाता है। इसी प्रकार गोमूत्र का पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में विभिन्न प्रयोजनों के लिए उपयोग होता आया है। इन पारंपरिक उपयोगों और मान्यताओं के वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रमाण-आधारित अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
देवनानी ने कहा कि गौसेवा हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक दायित्व भी है। गौवंश का संरक्षण, संवर्धन और उनकी समुचित देखभाल समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। गौशालाएं इस पुनीत कार्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग को गौसेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।
देवनानी ने स्वामी टेऊराम गौशाला द्वारा गौसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा प्रकल्प भारतीय संस्कृति के मूल्यों को व्यवहार में प्रतिष्ठित करते हैं। उन्होंने गोपा अष्टमी के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए गौमाता के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
*स्पीकर देवनानी ने गोपाष्टमी पर निवास पर किया गौमाता का पूजन*
वासुदेव देवनानी ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर अपने राजकीय निवास पर विधि-विधान से गौमाता का पूजन किया। उन्होंने गौमाता को तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा गौमाता को गुड और हरा चारा खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
देवनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय है। गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण की गोसेवा एवं गोपालन के आदर्शों का स्मरण कराने वाला पावन पर्व है। गौसेवा हमारी सनातन परंपरा, करुणा और लोककल्याण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने सभी से गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।

