जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव श्रीमती पूनम ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान सम्पर्क केंद्र का निरीक्षण किया और परिवादियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बात की।
जोधपुर के श्री कमलेश राणा से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की किस्त का भुगतान,अजमेर के श्री मनोज और अलवर के श्री अमित के परिवाद भी योजना की किस्तों के भुगतान वहीं बूंदी के श्री बद्री लाल मीणा ने अपने गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का काम रुका होने की जानकारी दी। इससे सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर निस्तारण के निर्देश दिए। नागौर के श्री नंदलाल शर्मा का आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत से जुड़ा परिवाद भी समीक्षा के लिए रखा गया। श्रीमती पूनम ने बताया कि भवन को शिफ्ट करने के आदेश जारी कर दिए गये है, जल्द ही शिफ्ट करवा दिया जाएगा और अगर अधिकारी देरी करते है तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
परिवादी वंदना ने पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर शिकायत रखी। सचिव ने उन्हें बताया कि पोषाहार में अतिरिक्त पोषक तत्व मिलाए जाते हैं और उसकी गुणवत्ता की जांच तीन स्तरों पर की जाती है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्र पर प्राप्त चावल सूक्ष्म पोषक तत्वों से भरपूर है,इनमें किसी प्रकार की मिलावट नहीं होती हैं। अगर किसी प्रकार की लापरवाही पायी जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। खैरथल-तिजारा के श्री बलराम का परिवाद पोषाहार वितरण और आंगनबाड़ी केंद्र के समय पर संचालन से जुड़ा था। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारी से इस समस्या का शीघ्र निदान करने के निर्देश प्रदान किए।
श्रीमती पूनम ने परिवादियों की जागरूकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों की जानकारी होने से लोग समय पर अपनी समस्या उठा पाते हैं और उसके समाधान में मदद मिलती है।
विभाग के 5 नवंबर 2026 तक 53,872 परिवाद दर्ज हुए। इनमें से 53,013 का निस्तारण हो चुका है और 859 लंबित हैं। निस्तारण की औसत अवधि 16 दिन रही। सत्यापित 32,558 परिवादों में से 24,193 मामलों (74.31 प्रतिशत) में परिवादियों ने निस्तारण पर संतोष जताया।
इस अवसर पर सचिव ने राजस्थान सम्पर्क 181 कॉल सेन्टर में गुणवत्ता प्रदर्शन करने वाले कॉल सेन्टर कार्मिकों को उपहार प्रदान किए तथा उन्होंने अच्छा काम करने के लिए बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान सम्पर्क 181 पर आमजन की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण एवं प्रभावी निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।

