​जयपुर ग्रामीण पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस पर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
October 22nd, 2026 | Post by :- | 35 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । रिजर्व पुलिस लाइन जयपुर ग्रामीण में ‘पुलिस शहीद दिवस’ श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद कर उन्हें नमन किया गया।
​कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक (जयपुर रेंज) राहुल प्रकाश (IPS), पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) संदीप सारस्वत सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
​पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर शोक सलामी दी गई। शहीदों के सम्मान में हथियार व शीश झुकाकर तीन-तीन राउंड हवाई फायर किए गए तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर देश के सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अर्धसैनिक बलों के शहीद अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम, पदनाम का वाचन कर उन्हें नमन किया गया।
​श्रद्धांजलि सभा के पश्चात पुलिस लाइन परिसर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। शहीदों की स्मृति को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
​शाखाओं का निरीक्षण और आगामी चुनाव संबंधी निर्देश
​श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश एवं एसपी हनुमान प्रसाद ने पुलिस लाइन की विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं का अवलोकन किया और अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। वर्तमान में चल रही चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर आईजी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखने तथा निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।