माणकचौक पुलिस और DST की बड़ी सफलता) ई-रिक्शा में सफर के दौरान हुई 2 करोड़ से अधिक के जेमस्टोन चोरी का खुलासा, गुजरात की शातिर महिला चोर बापर्दा गिरफ्तार
October 21st, 2026 | Post by :- | 19 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर की माणकचौक थाना पुलिस और उत्तर ज़िला DST (डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस स्पेशल टीम) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा में यात्रा के दौरान हुई करोड़ों रुपये के कीमती जेमस्टोन चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गुजरात मूल की एक शातिर महिला आरोपी को बापर्दा गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर 2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का शत-प्रतिशत चोरी गया माल (जेमस्टोन पैकेट) बरामद कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को फरियादी (जेमस्टोन कारोबारी/दलाल) ने माणकचौक थाने में मामला दर्ज कराया था। शिकायत में बताया गया कि वह विभिन्न व्यापारियों के मूल्यवान रत्नों और जेमस्टोन का परिवहन करता है। 15 अक्टूबर को दोपहर लगभग 2:21 बजे वह गोपालजी के रास्ते से सांगानेरी गेट की ओर ई-रिक्शा में जा रहा था। उसके पास एमरल्ड (पन्ना) मणियों और पैकेजों के कुल 13 पैकेट थे (जिसमें कुल 942.52 कैरेट एमरल्ड पैकेट तथा 11.52 कैरेट के दो पीस व 144.60 कैरेट की 4 मणियां शामिल थीं)। यात्रा के दौरान किसी अज्ञात चोर ने नजर बचाकर यह सारा माल पार कर दिया।
200 से अधिक CCTV कैमरों को खंगाला, ऐसे पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस आयुक्त (माणकचौक) पीयूष कविया (RPS) के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया और डीएसटी प्रभारी दिलीप सोनी के नेतृत्व में टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग, तकनीकी अनुसंधान (Technical Intelligence) और मुखबिर तंत्र (Human Intelligence) का इस्तेमाल शुरू किया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज विश्लेषण के दौरान ई-रिक्शा में फरियादी के साथ यात्रा कर रही एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। शातिर महिला पुलिस को गुमराह करने के लिए बार-बार ऑटोरिकशा और ई-रिक्शा बदलकर गलियों के रास्ते भाग रही थी। आखिर में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सायपुरा झुग्गी-झोपड़ी स्थित ठिकाने पर दबिश देकर महिला को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया और पूरा माल बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला मूलतः गुजरात की रहने वाली है। वह और उसकी गैंग की अन्य महिला साथी मुख्य बाजारों में खरीदारी का नाटक करती हैं और कीमती सामान ले जा रहे अकेले यात्रियों को निशाना बनाती हैं। 15 अक्टूबर को आरोपी महिला ने जौहरी बाजार में फरियादी को चिह्नित किया और उसके ई-रिक्शा में सवार होकर मौका मिलते ही बैग से करोड़ों का माल पार कर फरार हो गई थी।
इस सफल कार्रवाई में डीएसटी के उपनिरीक्षक साबिर, माणकचौक थाने के कॉन्स्टेबल गिरधर सिंह, कैलाश तथा डीएसटी कॉन्स्टेबल इस्लाम खान की मुख्य व उत्कृष्ट भूमिका रही। पुलिस फिलहाल महिला से पूछताछ कर रही है, जिससे गैंग की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।