जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी जयपुर के पुलिस थाना शिप्रापथ ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, परिवादिया प्रगति यादव (निवासी मानसरोवर, जयपुर) ने 14 अक्टूबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वीटी रोड स्थित ‘चाय चूरी कैफे’ के बाहर खड़ी उनकी स्कूटी (नंबर RJ14-JV-4128) सुबह 8:15 से 9:00 बजे के बीच चोरी हो गई थी। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) के निर्देशों पर थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे डिटेन किया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकुल तोमर (31 वर्ष) पुत्र अरुणपाल, निवासी ग्राम गड्डी थोरियान (थाना ब्यावर सदर, जिला अजमेर) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आदतन नशेड़ी है और नशे के पैसे जुटाने के लिए दोपहिया वाहनों की चोरी करता है।
पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है,जिससे क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


