अम्बाला:अशोक शर्मा
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री विज ने अंबाला छावनी में जनसुनवाई के दौरान बिजली विभाग से संबंधित एक शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अम्बाला शहर के एक्सईएन हरीश गोयल को अम्बाला से स्थानांतरित करने के आदेश दिए और इस मामले में इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर को फटकार लगाते हुए कहा कि किसी भी मामले में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज को अम्बाला छावनी निवासी एक व्यक्ति ने एक शिकायत दी कि अंबाला शहर में बिजली विभाग में एक्सईएन हरीश गोयल ने जग्गी सिटी सेंटर के लोगों को एक एलटी कनेक्शन दिया गया है जबकि उस बिजली के कनेक्शन से वहां पर ट्रैक्टर-ट्राली इत्यादि को भी बिजली दी जा रही है जिससे वहां पर क्योसक बना हुआ है। इसी प्रकार, वहां पर झूले लगे हुए थे, उन झूलों को चलाने के लिए भी कनेक्शन दिया गया था, जोकि अवैध है। इस पर संज्ञान लेते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिजली निगम अधिकारियों से मामले में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी, मगर अधिकारी स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए जिस पर मंत्री अनिल विज ने मौके पर मौजूद बिजली निगम के एसई व अन्य अधिकारियों को फटकार लगाई तथा एक्सईएन हरीश गोयल को स्थानांतरित करने के आदेश दिए, उन्होंने मामले में ढिलाई बरतने वाले इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर को भी फोन पर कड़ी फटकार लगाई।
इसी प्रकार, एक अन्य मामले में ब्राइड पब्लिक स्कूल, गांव बाडा, जिला अम्बाला के खिलाफ महिला ने शिकायत दी और कहा कि स्कूल आठवीं कक्षा मान्यता प्राप्त होने के बावजूद बच्चों को दसवीं कक्षा में दाखिल करके पैसे ऐंठे जा रहे हैं जिससे बच्चों के दो साल खराब हो रहे हैं। शिकायत सुंदर नगर निवासी महिला ने दी जिस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए श्री विज ने एसडीएम को संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों को साथ ले जाकर जांच करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि कमी पाई जाती है तो इस बारे में सख्त कार्यवाही की जाए।
आज की सुनवाई में अम्बाला शहर एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसके साथ 9 लाख रूपए की साइबर धोखाधड़ी की गई है, जिस पर ऊर्जा मंत्री ने अंबाला के पुलिस अधीक्षक को इस बारे में जांच करने के निर्देश दिए और कहा कि इस मामले की गहनता से जांच कर धोखाधडी करने वाले लोगों को पकडा जाए। इसी प्रकार, एक अन्य मामले में मिलाप नगर, अम्बाला छावनी से एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि इंटरनेट पर एक नंबर खोजने के दौरान उसकी जिस व्यक्ति से बातचीत हुई उसने उसके मोबाइल पर एक लिंक खोलने की बात की और उसके बाद उसके बैंक खाते से तीन लाख 40 हजार रूपए से अधिक राशि को निकलवा लिया गया। इस शिकायत पर कार्यवाही करते हुए श्री विज ने तुरंत ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले में त्वरित कार्यवाही की जाए। इसके अलावा, उन्होंने फरियादी से यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में 1930 नंबर पर भी डायल करके साइबर धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।
वहीं, बोह निवासी महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का शव कुछ समय पहले बोह के मैदान में झाडिय़ों में मिला था, मगर पुलिस ने इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की, उसका आरोप था कि उसके पति की हत्या की गई है, मगर पुलिस को सामान्य मौत बता रही है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मामले में पुलिस को पुन: जांच के निर्देश दिए।
एक अन्य शिकायत पर कार्यवाही करते हुए श्री विज ने आज नगर परिषद के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि वार्ड नंबर 27 में विकास कार्य न होने के बारे संबंधित ठेकेदार को नोटिस दिया जाए और ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जाए। यदि इस विकास कार्य को संबंधित ठेकेदार नहीं करता है तो रि-टेंडर किया जाए। श्री विज ने नगर परिषद के एकसईन को फटकार लगाते हुए कहा कि ठेका देने से पहले ठेकेदारों की वित्तीय स्थिति की जांच करें क्योंकि आमतौर कम वित्तीय स्थिति वाले ठेकेदारों को ठेका मिल जाता है। इस बारे में उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बारे में सभी विकास कार्यों की स्थिति के संबंध में एक रिपोर्ट उनके सम्मुख प्रस्तत की जाए।
इसी प्रकार, अंबाला छावनी में बनाई गई एक पार्किंग में लिफ्ट को स्थापित करने के बारे में उन्होंने संज्ञान लेते हुए संबंधित नगर परिषद के अधिकारियों से जानकारी ली तो इस मामले में हो देरी लिए एक संबंधित एक्सईन को उन्होंने फटकार लगाई और कहा कि इस विकास कार्य को जल्द से जल्द करवाया जाए। उन्होंने कहा कि ‘‘मेरा नाम अनिल विज है, मेरे दिमाग में एक्सरे मशीन लगी हुई है’’, लेकिन तुम लोगों ने इन कामों को लेकर मजाक बनाया हुआ है और सरकारी अधिकारी होने के नाते आप लोगों ने क्या कार्यवाही की। इस पर, विज ने निर्देश दिए कि अगली जनसुनवाई तक इस बारे में उन्हें एक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी के वार्डों में एक-एक करोड़ रुपए की विकास राशि उनके द्वारा सरकार से स्वीकृत कराई गई है। उन्होंने बताया कि हम जल्द ही महेश नगर डे्रन को पक्का करने के लिए 20 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है और जल्द ही इसका कार्य आरंभ होगा।
आज की जनसुनवाई में श्री विज के सम्मुख एक व्यक्ति ने साहा में एक इण्डस्ट्रियल एरिया में पावर हाउस लगाने के लिए उसकी जमीन पर टावर को न लगाने की बात कही गई, जिस पर संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों को मौका देखकर वैकल्पिक जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, बिजली विभाग से संबंधित लोड बढाने की शिकायत, रामपुर, सरसेडी, चंद्रपुरी व सुंदरनगर में 24 घंटे बिजली देने के लिए संबंधित बिजली अधिकारियों को निर्देश और करनाल से उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एक अधीक्षक की पदोन्नति के संबंध में एक मामले उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्होंने सोनीपत के एसई को एक प्राईवेट प्रापर्टी को छोडऩे, हिसार में टयूवबैल कनैक्शन देने, बिजली का लोड की चैंकिंग कराने के अलावा अन्य बिजली की शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसी प्रकार, हरिनगर में मकान पर कब्जा करने, मकान का टैक्स भरने, ट्रांसफार्मर सही जगह पर लगवाने इत्यादि के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एक महिला पार्षद ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऊर्जा मंत्री अनिल विज की बदौलत टांगरी नदी पर जो तटबंध बनाया गया था उसकी वजह से रामपुर-सरेहड़ी की ओर पानी नहीं आया। इसके अलावा पार्षद ने इंडस्ट्रियल एरिया को बाढ़ के पानी से बचाने के लिए की गई चारदीवारी पर भी आभार व्यक्त किया।
आर्य नगर, अंबाला छावनी में बिना अनुमति के निर्माण कार्य को रोकने के बारे में शिकायत पर मंत्री विज ने नगर परिषद् अधिकारियों को फटकार लगाई और इस बारे में पुलिस को साथ लेकर कार्यवाही करों। इसी प्रकार, पटेल नगर में हुई चोरी के एक मामले पर पुलिस को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
वहीं, जनसमस्याएं सुनने के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज यहां अंबाला छावनी में लोगों की समस्याओं को सुना है और कोशिश की है प्रत्येक समस्या का समाधान मौके पर ही हो जाए। इसके अलावा, समस्या के निदान के लिए यदि अधिकारियों को कोई आदेश देने पड़े हैं तो उन आदेशों को दिया गया है। इसी प्रकार, कुछ मामलों की जांच के लिए भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
आज जनसुनवाई के दौरान एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद् अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, भाजपा नेता किरणपाल चौहान, जसबीर सिंह जस्सी, मदनलाल, अजय बवेजा, बीएस बिंद्रा, बलकेश वत्स के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


