जयपुर रेलवे स्टेशन के 150 वर्ष पूरे, भव्य स्टेशन महोत्सव में दिखी ऐतिहासिक विरासत और विकास की झलक
October 13th, 2026 | Post by :- | 19 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर रेलवे स्टेशन के 150 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल की ओर से स्टेशन परिसर में भव्य स्टेशन महोत्सव आयोजित किया गया। समारोह में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, जयपुर नगर निगम महापौर सुनील कोठारी और मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन सहित रेलवे के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्टेशन की डेढ़ शताब्दी की ऐतिहासिक यात्रा, भारतीय रेल की विरासत और आधुनिक सुविधाओं के विकास को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के साथ हुई। इसके बाद जयपुर रेलवे स्टेशन के इतिहास और रेलवे की उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। विधायक गोपाल शर्मा और महापौर सुनील कोठारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में रेलवे सुरक्षा बल के बैंड ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं, वहीं स्टेशन के 150 वर्षों के सफर पर आधारित लघु फिल्म के माध्यम से रेल परिवहन में आए बदलावों और विकास यात्रा को दर्शाया गया।
*717 करोड़ रुपये से स्टेशन का पुनर्विकास*
वर्ष 1875 से रेल विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा जयपुर रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं के साथ नए स्वरूप में विकसित हो रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 717 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है। इसके तहत मुख्य प्रवेश द्वार और द्वितीय प्रवेश द्वार को जोड़ने के लिए लगभग 108×95 मीटर क्षेत्र में विशाल एयर कॉनकोर्स विकसित किया जा रहा है। साथ ही तीन नए फुट ओवर ब्रिज, 30 लिफ्ट और 18 एस्केलेटर का प्रावधान किया गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
द्वितीय प्रवेश द्वार पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त तीन मंजिला भवन भी बनाया गया है। यहां आगमन और प्रस्थान लॉबी, प्रतीक्षालय, सुरक्षा जांच क्षेत्र, सहायता केंद्र तथा यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। पुनर्विकास परियोजना में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, वर्षा जल संचयन और सौर ऊर्जा जैसी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
स्टेशन महोत्सव के माध्यम से जयपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले रेलवे स्टेशन की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। डेढ़ शताब्दी की यात्रा पूरी कर चुका जयपुर रेलवे स्टेशन अब आधुनिक यात्री सुविधाओं और बेहतर आधारभूत ढांचे के जरिए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो रहा है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।