अम्बाला/नारायणगढ़:अशोक शर्मा।
समाजवाद के अग्रदूत महाराजा अग्रसेन जी की जयंती रविवार रात्रि महाराजा अग्रसेन भवन, नारायणगढ़ में श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम से मनाई गई। समारोह में हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी तथा पंचकूला के समाजसेवी एवं उद्योगपति संजय रूंगटा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत तथा महाराजा अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन करने के साथ हुआ। इस अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को फूलों का गुलदस्ता देकर एसडीएम शिवजीत भारती ने उनका स्वागत किया।
समारोह में हरियाणा गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष सुमन गुप्ता, व्यापारी कल्याण बोर्ड हरियाणा के उपाध्यक्ष राकेश बिंदल, मार्केट कमेटी शहजादपुर के अध्यक्ष गोपाल मित्तल, मार्केट कमेटी नारायणगढ़ के उपाध्यक्ष भूषण अग्रवाल तथा नगरपालिका की वाइस चेयरमैन आईना गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अग्रवाल वैश्य सभा के प्रधान सुनील अग्रवाल एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
महाराजा अग्रसेन जी का ‘एक रुपया, एक ईंट’ का सिद्धांत सामाजिक सहयोग का प्रतीक- विपुल गोयल
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने महाराजा अग्रसेन जी को नमन करते हुए महाराजा अग्रसेन जयंती एवं नवरात्रों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन समानता, सेवा, सहयोग और आपसी भाईचारे की प्रेरणा देता है। उनका ‘एक रुपया, एक ईंट’ का सिद्धांत सामाजिक सहभागिता और सामूहिक सहयोग का अनूठा उदाहरण है। यह संदेश देता है कि समाज की उन्नति में प्रत्येक व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अग्रोहा धाम में पुरातात्विक खुदाई को आगे बढ़ाने के लिए 40 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे महाराजा अग्रसेन जी के इतिहास और विरासत से जुड़े नए तथ्यों का पता चलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन जी के नाम पर रखा जाना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार प्रदेश की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नारायणगढ़ क्षेत्र प्रतिभाशाली लोगों की भूमि है और समारोह में सम्मानित किए गए मेधावी बच्चों की उपलब्धियां इसका प्रमाण हैं।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अग्रवाल वेश्य सभा के अनुरोध पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुड्डा) सैक्टर में बनने वाले कम्यूनिटी हॉल का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने के लिए सभी आवश्यक मंजूरियां दिलवाने तथा इसके निर्माण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। महाराजा अग्रसेन भवन नारायणगढ़ के हॉल को एसी हॉल बनवाने पर जो भी खर्च आएगा उसके लिए भी वे आर्थिक सहयोग प्रदान करेगें।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और उनके समाज के प्रति योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनके जीवन पर आधारित 104 एपिसोड का सीरियल बनाया जा रहा है। इससे नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, उनके विचारों और सामाजिक समानता एवं सहयोग के संदेश को जानने का अवसर मिलेगा।
महाराजा अग्रसेन जी की शिक्षाएं समाज को एकता और सद्भाव का मार्ग दिखाती हैं-डॉ. पवन सैनी
पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने महाराजा अग्रसेन जयंती एवं नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने अपने जीवन और विचारों से समाज को परस्पर सहयोग, समानता और सद्भाव का रास्ता दिखाया। उनका जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान मिले और सभी लोग एक-दूसरे की सहायता के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि सभी को अपनी प्राचीन सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने साधन संपन्न लोगों से आह्वान किया कि वे समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आएं।
डॉ. पवन सैनी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का ‘एक रुपया, एक ईंट’ का संदेश सामूहिक जिम्मेदारी और सहयोग की भावना को दर्शाता है। उनके आदर्श किसी एक समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण समाज को एकजुट होकर आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


