(जवाहर सर्किल पुलिस की बड़ी कार्रवाई) फर्जी दस्तावेजों से प्लॉट हड़पने वाला शातिर आरोपी 6 माह बाद गिरफ्तार
November 25th, 2026 | Post by :- | 11 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने फर्जी और जाली दस्तावेज तैयार कर आवासीय भूखंड का बेचान करने के मामले में पिछले करीब 6 महीने से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह पुत्र नन्द सिंह (35), निवासी गांव कुन्दनपुरा, थाना तूंगा (जयपुर) के रूप में हुई है।
​क्या था पूरा मामला?
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) श्रीमती रंजीता शर्मा (आईपीएस) ने बताया कि परिवादी नरेन्द्र कुमार गुप्ता ने 13 मई 2026 को जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, परिवादी को राजस्थान आवासन मंडल की ओर से आवासीय भूखंड संख्या 5/H/73 आवंटित हुआ था, जिसकी पूरी राशि उन्होंने जमा करवा दी थी। इसके बावजूद आरोपियों ने परिवादी के जाली हस्ताक्षर और पुरानी फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इकरारनामा, मुख्त्यारनामा और वसीयतनामा तैयार कर लिया। इसके बाद झूठे गवाहों व कर्मचारियों की मिलीभगत से षड्यंत्रपूर्वक भूखंड का नियमितीकरण व लीज डीड (पट्टा) अपने हक में करवाकर आगे बेचान कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
*​ठिकाने बदलकर बच रहा था आरोपी*
जिला जयपुर पूर्व में संपत्ति संबंधी धोखाधड़ी के आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन और एसीपी मालवीय नगर शिवदयाल के सुपरविजन में जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चन्द्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
​वारदात के बाद से ही आरोपी विक्रम सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और आसूचना संकलन की मदद से आरोपी के संभावित ठिकाने पर दबिश देकर उसे डिटेन किया। गहन पूछताछ में जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
*​इस टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम*
कार्रवाई करने वाली विशेष टीम में थानाधिकारी महेश चन्द्र सहित उपनिरीक्षक गोपाल लाल तथा कांस्टेबल अनिल, मुकेश, पप्पु चेची और आशीष शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इस पूरे षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।