जनता में भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल, पंचायती राज में खिलेगा कमल: कुलजीत सिंह चहल
October 5th, 2026 | Post by :- | 50 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने आज पंचायत चुनावों की तैयारियों के संबंध में प्रदेश मीडिया, सोशल मीडिया और आई टी विभाग की बैठक में प्रवक्ता, पैनालिस्ट और टीम के साथ संवाद किया।
प्रदेश सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि गाँव, गरीब और किसान की खुशहाली के लिए भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक काम किये है, उन कामों को हर घर तक ले जाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है और पार्टी के कार्यकर्त्ता हरावल दस्ते के रूप में सदा तैयार रहते है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में चाहे ईआरसीपी हो या यमुना जल समझौता किसान के खेत और खलिहान तक पानी पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम है। इसी प्रकार जल जीवन मिशन के माध्यम से सुदूर गांवों और ढाणियों तक हर घर तक जल पहुंचाने का जो ऐतिहासिक काम हुआ है उसको लेकर जनता में भारतीय जनता पार्टी के प्रति जबरदस्त उत्साह है।
प्रदेश सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि किसान के खेत में पानी, समय पर बीज, खाद, उसकी फसल का बीमा करने के साथ ही बीमारी में आयुष्मान योजना का लाभ और किसान सम्मान निधि के माध्यम से सीधे खाते में धन की प्राप्ति किसान कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में मिला हुआ घर और महिलाओं के सम्मान के लिए बने हुए शौचालय, गांव तक शहरों को जोड़ती हुई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़के ग्राम विकास की एक अलग ही झांकी दिखाती है। उन्होंने टीम का आह्वान करते हुए कहा कि वह सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक माध्यम का उपयोग करें।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग संगठन का महत्वपूर्ण घटक है, इससे जुड़े हुए कार्यकर्ता सजग और सचेत रहें सरकार की योजनाएं, संगठन की नीति पहुंचाने और प्रतिपक्ष की नकारात्मक राजनीति का जवाब देने के लिए सदैव तैयार रहें। राजस्थान के निकाय चुनाव में जनता ने जिस प्रकार आशीर्वाद दिया उसी प्रकार पंचायत चुनाव में ग्राम विकास के लिए जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा। उन्होने कहा कि गांव, गरीब, खेत-खलिहान की चिन्ता और उनके कल्याण के लिए योजना बनाकर धरातल पर उतारने का काम भाजपा सरकार ने किया है।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, मीडिया विभाग के प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया विभाग प्रभारी हिरेन्द्र कौशिक, आईटी विभाग के प्रभारी अविनाश जोशी सहित प्रदेश प्रवक्ता पैनलिस्ट और तीनों विभागों की टीम के प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।