गांव नडियाली निवासी किसान ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उनके खेत में पहले ट्यूबवेल लगा था, मगर बीते वर्ष 2025 में यह कनेक्शन काट दिया गया। इसके कुछ दिनों बाद उसने दोबारा कनेक्शन के लिए अप्लाई किया जबकि उसके ऊपर कोई भी बिल पेंडिंग नहीं है। मगर एक वर्ष होने पर भी चौड़मस्तपुर सब डिवीजन द्वारा उसका कनेक्शन बहाल नहीं किया गया जबकि पानी नहीं लगने से उसकी खेती भी खराब हुई। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मामले में एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश एसई अम्बाला को दिए। इसी तरह एक अन्य मामले में रामपुर सरसेहड़ी में ट्रांसफार्मर के उपयोग में नहीं होने के बावजूद उसे उतारने में देरी की शिकायत पर भी उन्होंने जांच के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज को महेशनगर से आए लोगों ने विवाहिता की मौत के मामले में शिकायत देते हुए मामले में जांच की मांग की। उनका आरोप था कि विवाहिता की मौत मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है जबकि यह हत्या न होकर आत्महत्या का केस है। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में एसआईटी गठित कर मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पेंशन से संबंधित कई शिकायत ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष आई। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि वह अपनी समस्या हल कराने के लिए विभागीय कार्यालय जाते है, मगर वहां से उन्हें कोई न कोई बहाना लगाकर वापस भेज दिया जाता है। मंत्री अनिल विज ने इन मामलों में समाज कल्याण अधिकारी को फोन पर कड़ी फटकार लगाई और अगले सप्ताह से पहले इन मामलों में हल करने के निर्देश दिए।
पहली शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी बुढ़ापा पेंशन बीते वर्ष दिसंबर माह से बंद है, वह कई बार विभाग के चक्कर लगा चुकी है, मगर वहां यहीं कहा जाता है कि चंडीगढ़ से डाटा ठीक कराया जा रहा है।
इसी तरह महेशनगर निवासी एक अन्य महिला की पेंशन भी कटने की शिकायत आई, महिला का आरोप था कि विभाग की गलती से उसका गलत नाम चढ़ गया है जिस वजह से उसकी पेंशन नहीं लग रही। विभाग के दस चक्कर लगाने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं हुई।
जनसुनवाई के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष बकाया बिजली बिल एक लाख रुपए होने के बावजूद शिकायतकर्ता द्वारा और समय देने की मांग की गई। इसपर मंत्री अनिल विज ने कड़ा रुख अपनाते हुए शिकायतकर्ता से कहा कि यदि आपने बिजली उपयोग की है तो उसकी अदायगी भी करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद बिजली अधिकारियों से बिल अदायगी तुरंत करने के निर्देश दिए साथ ही पूरे हरियाणा में विभागीय अधिकारियों को यह निर्देश भी जारी करने को कहा कि जहां-जहां बिजली के बकाया बिल तय साइकिल से ज्यादा हो गए है वहां बिल रिकवरी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष टांगरी बांध के साथ लगती कालोनी गणेश विहार व अन्य क्षेत्रों में चोरी की अलग-अलग शिकायतों पर महेशनगर थाना प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि चोरियों के मामलों में कार्रवाई की जाए और इलाकों में गश्त को बढ़ाते हुए सुरक्षा प्रदान की जाए। वहीं शिकायतकर्ताओं ने टांगरी बांध रोड पर स्ट्रीट लाईट नहीं होने की भी शिकायत की जिसपर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद के ईओ को यहां स्ट्रीट लाईट पोल लगाकर लाइट लगाने के निर्देश दिए
इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आज जन्मदिन पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज का दिन केवल तारीख नहीं है, मोदी जी ने हमेशा विकास व विश्वास की राजनीति की है। आज तक उनपर विपक्षी उनपर कोई आरोप नहीं लगा सका, यह एक उदाहरण है कि किस प्रकार के हमारे नुमाइंदे होने चाहिए व हमें इससे शिक्षा लेनी चाहिए। उनके जनसेवा मंक 25 वर्ष पूरे हो गए है और इस दौरान उन्होंने हर वर्ग हर क्षेत्र की चिंता की है, मोदी जी ने हर वर्ग के लिए कोई न कोई योजना चलाई है। इसलिए आज लोग अपने घरों में आर्शीवाद का दीया अवश्य जलाए और उन्हें शुभकामनाएं दें। उन्होंने कहा मोदी जी द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी अपने-अपने घरों में दीया अवश्य जलाएं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


