जयपुर में पत्नी व 3 बेटियों की दर्दनाक हत्या करने वाला 25 हजार का इनामी पति रींगस से गिरफ्तार
September 15th, 2026 | Post by :- | 8 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र स्थित गोविंद वाटिका में हुए भीषण और नृशंस चौहरे हत्याकांड (फोर मर्डर) का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। अपनी ही पत्नी और तीन मासूम बेटियों की सीमेंट ब्लॉक से कुचलकर बेरहमी से हत्या करने वाले शातिर फरार आरोपी राहुल कुमार झा (45) को पुलिस ने रींगस से दबोच लिया है। आरोपी पर जयपुर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
​*यह था पूरा मामला*
​जयपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण (IPS) ने बताया कि गत 11 सितंबर 2026 को पीसीआर के माध्यम से प्लॉट नंबर A-169, गोविंद वाटिका (कालवाड़ रोड, करधनी) में चार लोगों के मर्डर की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो मकान के अंदर महिला गीता झा तथा उसकी तीन बेटियां नंदिनी, राधिका और ग्रेशिका उर्फ गौरी के लहूलुहान शव पड़े मिले। चारों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटना के बाद से ही मृतका का पति और बच्चियों का पिता राहुल कुमार झा मकान से फरार था।
​घटना की सूचना पर आरोपी के भाई की रिपोर्ट पर करधनी थाने में मामला दर्ज किया गया। चौहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल एवं विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश पासवा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे।
​48 घंटे का गहन तलाशी अभियान और रींगस से गिरफ्तारी
​अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) राजेश गुप्ता के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) शिवकुमार भारद्वाज के सुपरविजन तथा करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह व जिला विशेष टीम (DST) प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। ​इसी दौरान DST के कांस्टेबल सांवरमल और CST के कांस्टेबल वेदवीर को सूचना मिली कि आरोपी खाटूश्यामजी व रींगस (सीकर) के आसपास छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होते ही करधनी पुलिस, DST और CST (जयपुर आयुक्तालय) की संयुक्त टीमों ने दबिश दी और रींगस से आरोपी राहुल कुमार झा को दबोच लिया।
​क्रूरता की हद: सो रहे परिवार को सीमेंट ब्लॉक से कुचला
​पुलिस तफ़्तीश में सामने आया कि आरोपी ने वारदात वाली रात सो रही अपनी पत्नी गीता झा और तीनों बेटियों—नंदिनी, राधिका और ग्रेशिका—के सिर व चेहरे पर भारी-भरकम सीमेंट के ब्लॉक से बार-बार वार कर उनकी दर्दनाक हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
​इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे और आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी में करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह, DST प्रभारी गणेश सैनी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, एएसआई धर्मेंद्र, साइबर सेल के बहादुर सिंह व राजमहेंद्र, तथा DST के कांस्टेबल सांवरमल व CST के वेदवीर की विशेष भूमिका रही। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर हत्या के पीछे के कारणों का पता लगा रही है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।