गजसिंहपुर,(यश कुमार)। निकाय चुनावों के अंतर्गत शुक्रवार को प्रदेश में द्वितीय चरण के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई, जो शाम 6 बजे तक चली मतदान के संपन्न होने के बाद ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा में स्ट्रॉग रूम में रखवाया गया। श्रीगंगानगर जिले के गजसिंहपुर कस्बे में अधिकांश जगहों पर चुनावों को लेकर मतदाताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अनेक बूथों पर सुबह 7 बजे से पहले ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर तक जारी था। कुछ बूथों पर वोटिंग धीमी गति से शुरू हुई, लेकिन दोपहर को मतदान की रफ्तार बढ़ गई। अधिकांश कामकाजी लोगों ने सुबह जल्दी ही मतदान किया और फिर अपने कार्यों के लिए चले गए। पहली बार मतदान करने वालों में विशेष तौर पर उत्साह का माहौल दिखाई दिया। चुनाव आयोग के निर्देशों पर अधिकारी आदर्श आचार संहिता की पालना करवाते नजर आये। मतदान स्थल से दो सौ मीटर की दूरी के बाद ही टेंट लगाने की अनुमति दी गई थी। इसकी पालना भी मौके पर मौजूद पुलिस व अधिकारियों ने करवाई। मतदान स्थल के आस-पास लोगों की अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली। शाम 6 बजे तक गजसिंहपुर कस्बे में मतदान प्रतिशत 84.50 प्रतिशत रहा। गजसिंहपुर नगर पालिका क्षेत्र में 20 वार्ड हैं और इनमें 7672 मतदाता है। जानकारी के अनुसार सबसे अधिक मतदान का प्रतिशत वार्ड संख्या 03 के बूथ में दर्ज किया गया। सुबह सात बजे के बाद मतदान प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी। आठ बजे के बाद अधिकांश बूथों पर मतदाताओं की कतारें लग गई। लोग अपनी-अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी था। जानकारी के अनुसार शाम 6 बजे तक 6483 मतदाताओं द्वारा वोट डाले गए चुनावों के दौरान मतदाताओं के चेहरे पर उत्साह ओर उमंग नजर आया। सुबह शुरू हुए मतदान में अपनी उपिस्थति दर्ज करवाकर मतदाताओ ने वोट डाला। इस चुनावों में बडे- बुजुर्ग भी अपने परिवारजनों के साथ पहुंचकर वोट का भुगतान किया। गजसिंहपुर नगरपालिका चुनावों में 20 वार्डों में सबकी नजरे बुजुर्गं मतदाओं पर रही। इस चुनावों में 105 वर्षीय बुजुर्गों ने मतदान किया। वार्ड नं 20 में तौला देवी पत्नी मायाराम उम्र 105 वर्ष अपने पोते को साथ लेकर बूथ पर मतदान करने के लिए पहुंची। उनके मतदान करने के बाद उम्मीदवार भी बुजुर्ग महिला का आर्शिवाद लेते हुए नजर आये। उन्होंने कहा कि हमारे सौभाग्य की बात हैं कि उम्र के इस पडाव में भी वोट डालने के लिए पहुंची है वार्ड नं 01 में 103 वर्षिय परमेश्री देवी कार में बैठकर अपना मत डालने के लिए पहुंची। बुजुर्ग आंखे शहर के विकास के सपने संजोये अपना मत डालने के लिए पहुंची। जिन्हे देखकर सभी हतप्रभ रह गए। वार्ड नं 14 में भी बुजुर्ग अपने परिवार के साथ व्हीलचेयर पर वोट डालने के लिए पहुंचे। इसी तरह एक ओर बुजुर्ग महिला परिवार के सदस्यों के साथ पहुंची ओर अपने मत का प्रयोग किया। इसी क्रम में एक महिला वार्ड नं 05 की पहली बार मत डालने के लिए पहुंची। हालांकि बुथों में मतदाताओं को ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पडी। वार्ड में मतदाताओं की संख्या कम होने के कारण अधिकारियों को भी ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पडी।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


