गहलोत के पास जनता को बताने के लिए अपने कार्यों का हिसाब नहीं, तो वो कैसे रोड शो करते:- मदन राठौड़
September 10th, 2026 | Post by :- | 8 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नगरीय निकाय चुनाव को लेकर दिए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिसके पास जनता को बताने के लिए अपने कार्यों का हिसाब नहीं होता, वह रोड शो और जनसंपर्क पर सवाल उठाता है। भाजपा सरकार जनता के बीच अपने काम और उपलब्धियों को लेकर जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं और दशकों से कांग्रेस सरकारों द्वारा अटकाए गए कार्यों को गति दी जा रही है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल पानी और बिजली के स्थायी समाधान की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए। भाजपा सरकार ने इन दोनों क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य करते हुए राजस्थान की स्थिति को फर्श से अर्श की ओर ले जाने का काम किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश में वन स्टेट, वन इलेक्शन लागू करने वाला राजस्थान पहला स्टेट है। ऐसे में भाजपा सरकार के साथ संगठन की पूर्ण जिम्मेदारी बनती है कि इसे सफलता पूर्वक लागू किया जाए और प्रदेश में पहली बार महज 40 दिनों के भीतर निकाय और पंचायत चुनाव हो जाएंगे। इससे बार बार आचार संहिता लगने से आमजन को होने वाली परेशानी से निजात मिलेगा, वहीं दूसरी ओर बार बार चुनाव कराने पर जनता के धन की बर्बादी होती थी, एक चुनाव कराने से इसमें कमी आएगी। सरकार चुनाव से निकलकर विकास कार्यों की ओर पूर्ण रूप से ध्यान दे पाएगी। इसमें बुराई कहा है। इन सब से इतर, भाजपा में हर कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ और पूर्ण गंभीरता के साथ किया जाता है। यहां हर कार्य पर नीति के साथ कार्य किया जाता है। इन सब नीतियों के चलते भाजपा की कांग्रेस से अलग राजनीतिक दल के रूप में पहचान बनती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ते हुए अतिरिक्त बिजली दूसरे राज्यों को देने की स्थिति में पहुंचा है।प्रदेश में जल संकट के स्थायी समाधान के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इसके साथ ही इंदिरा गांधी नहर और गंगनहर के लिए 5,500 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे प्रदेश के बड़े हिस्से में जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़े स्तर पर परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें 10,500 करोड़ रुपए की देवास परियोजना, 4,500 करोड़ रुपए की सोम-कमला-अंबा परियोजना, 4,500 करोड़ रुपए की माही डैम परियोजना तथा 2,500 करोड़ रुपए की ब्राह्मणी नदी परियोजना प्रमुख हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जनता के बीच भ्रम फैलाने के बजाय यह बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में राजस्थान की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए। भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारने और लंबे समय से लंबित कार्यों को पूरा करने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि राजस्थान को विकास, सुशासन, बिजली, पानी, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाए। जनता काम देख रही है और विकास के इस संकल्प के साथ मजबूती से खड़ी है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।