जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिण जिले की मुहाना थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की का दोबारा अपहरण करने वाले 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी रोहित यादव को छत्तीसगढ़ से डिटेन कर नाबालिग को बिहार से सकुशल दस्तयाब किया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
परिवादिया ने मुहाना थाने में अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग को पटना (बिहार) से दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया था।
आरोपी रोहित यादव ने इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से दोबारा संपर्क किया और डरा-धमकाकर उसे फिर से अगवा कर ले गया। इस मामले में राजस्थान उच्च न्यायालय में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका (Habeas Corpus Petition) भी दायर की गई थी।
5 दिन में 4 राज्यों का सफर और 3000 किमी पीछा
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा और एसीपी (मानसरोवर) हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन तथा मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारडिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने लगातार 5 दिनों तक बिना रुके छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार में लगभग 3,000 किलोमीटर तक पीछा किया। तकनीकी सहायता और सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया और उसकी निशानदेही पर नाबालिग को बिहार से सुरक्षित छुड़ाया गया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


