जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । पुलिस थाना शाहपुरा ने कछुआ दिखाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से संदिग्ध राशि 99 हजार रुपये नगद तथा एक क्रेटा कार जब्त की गई है। आरोपियों ने कानोता व लालसोट में भी इसी तरह की ठगी की वारदातें करना कबूल किया है।
पुलिस अधीक्षक जिला जयपुर ग्रामीण श्री हनुमान प्रसाद, आईपीएस ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देशों के अनुपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा श्री लाखन सिंह मीणा व वृत्ताधिकारी शाहपुरा श्री लक्ष्मीनारायण सैनी के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी शाहपुरा रिया चौधरी (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आसूचना के आधार पर कार्रवाई की।
दिनांक 20 अगस्त 2026 को थाना शाहपुरा को सूचना मिली कि क्रेटा कार नंबर आरजे 45 सीजेड 1732 में तीन युवक अलवर तिराहा के पास खड़े हैं, जिनके पास लाखों रुपये हैं और वे कछुआ बेचने का बहाना बनाकर नकली कछुआ दिखाकर लोगों को ठगते हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
वाहन चालक ने अपना नाम करण बावरिया (उम्र 26 वर्ष) पुत्र गिरीज, निवासी वार्ड नंबर 01 हरचन्द्रपुरा डेयरी योजना कानोता, थाना कानोता, जिला जयपुर शहर बताया। साथ बैठे व्यक्ति ने नाम दिनेश कुमार मीणा उर्फ दीपु (उम्र 30 वर्ष) पुत्र सीताराम, निवासी काली डूंगरी की ढाणी घाटा बस्सी, थाना कानोता, जिला जयपुर शहर तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने नाम महावीर सिंह मीणा (उम्र 27 वर्ष) पुत्र जोधाराम, निवासी मेवालो की ढाणी काँकरेल कोठया खोरा मीणा, थाना आमेर, जिला जयपुर शहर बताया।
वाहन की आरसी व लाइसेंस न होने तथा संदिग्ध व्यवहार के कारण तलाशी ली गई। पीछे की डिग्गी में रखे काले रंग के बैग से पाँच-पाँच सौ के नोटों में कुल 99 हजार रुपये बरामद हुए। गहन पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे वीडियो कॉल पर कछुआ व नोटों से भरा बैग दिखाकर ठगी करते हैं। कानोता व लालसोट थाना इलाके में भी उन्होंने कछुआ दिखाकर ठगी की है। आरोपी लोगों को सस्ते दामों में खरीदने और ऊँचे दामों में बेचने का लालच देकर पैसे लेकर फरार हो जाते हैं।
आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया। संदिग्ध राशि 99 हजार रुपये को धारा 106 बीएनएसएस तथा वाहन को आरसी व लाइसेंस न होने के कारण धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम में जब्त किया गया। अन्य वारदातों की गहन जांच जारी है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


