जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ संगठनकर्ता स्व. डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी की जयंती के अवसर पर रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संगठनात्मक योगदान और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित जीवन का स्मरण किया। इस दौरान भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ अरूण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, अजीत मांडण, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, वरिष्ठ नेता रवि नैयर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश सह-कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धेय डॉ चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि स्व. डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी का व्यक्तित्व संगठन, विचार और राष्ट्रसेवा का अद्भुत संगम था। उन्होंने अपने संपूर्ण सार्वजनिक जीवन में संगठन को सर्वोपरि मानते हुए कार्यकर्ताओं के निर्माण और भाजपा की वैचारिक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासित कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों और मूल्यों पर चलते हुए हम संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


