जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) की उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद (NIRC) के तत्वावधान में जयपुर चैप्टर द्वारा शनिवार को दुर्गापुरा स्थित होटल रॉयल ऑर्किड में राजस्थान राज्य सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन की थीम “आईपीओ के माध्यम से विकास की राह: सुशासन, अनुपालन एवं मूल्य सृजन” रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा रहीं। वहीं ICSI के केंद्रीय परिषद सदस्य सीएस मनोज पुरबे और सीएस सुरेश पांडे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते पूंजी बाजार में कंपनी सचिवों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। उन्होंने निवेशकों का विश्वास मजबूत करने, बेहतर कॉर्पोरेट गवर्नेंस और प्रभावी नियामकीय अनुपालन सुनिश्चित करने में कंपनी सचिवों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सीएस सुमित कुमार श्योराण ने स्वागत भाषण में NIRC के चेयरमैन सीएस संतोष पांडे और सचिव सीएस राहुल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनी सचिव केवल IPO प्रक्रिया को सफल बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सूचीबद्ध होने के बाद पोस्ट IPO अनुपालन, पारदर्शिता, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और दीर्घकालिक मूल्य सृजन सुनिश्चित करने में भी उनकी अहम भूमिका रहती है।
सम्मेलन के तकनीकी सत्रों में देश के विशेषज्ञ वक्ताओं ने IPO प्रक्रिया, नियामकीय आवश्यकताओं, लिस्टिंग के बाद अनुपालन, निवेशक संरक्षण, जोखिम प्रबंधन और बेहतर कॉर्पोरेट गवर्नेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों ने इन सत्रों को ज्ञानवर्धक और व्यावसायिक रूप से उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में जयपुर चैप्टर के सचिव सीएस वरुण मेहरा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों, प्रायोजकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कंपनी सचिवों, कॉर्पोरेट पेशेवरों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और प्रबंधन विशेषज्ञों ने भाग लिया। यह सम्मेलन IPO, सुशासन, नियामकीय अनुपालन और मूल्य सृजन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श का प्रभावी मंच साबित हुआ।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


