जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश यादव ने गुरुवार को शासन सचिवालय में शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में निःशुल्क साइकिल वितरण योजना, विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण तथा नवीन जिलों में आवश्यकतानुसार नवीन पदों के सृजन के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने एवं शिक्षा की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निःशुल्क साइकिल वितरण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों को समयबद्ध रूप से साइकिल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि वर्ष 2025—26 में 3 लाख 34 हजार 278 साइकिलें वितरित की गई। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक कुल 13 लाख 85 हजार 373 साईकिलों का वितरण किया जा चुका है।
उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए टैबलेट वितरण योजना की तैयारियों की भी जानकारी ली और वितरण प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शी बनाने के साथ ही दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए संचालित विद्यालयों में भी टैबलेट वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2024—25 तक 88 हजार 724 टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने नवीन जिलों में शिक्षा विभाग से संबंधित आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नवीन पदों के सृजन एवं मानव संसाधन की उपलब्धता पर भी चर्चा की । अतिरिक्त मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए जिलों में शैक्षणिक पद की एकरूपता हो। बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


