PHED के ठेका कर्मचारियों का वेतन महीनों से लंबित, न्यूनतम 18 हजार वेतन की मांग, जलापूर्ति प्रभावित करने की चेतावनी
July 7th, 2026 | Post by :- | 17 Views

श्रीगंगानगर,(यश कुमार)। लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग PHED में ठेका प्रथा पर कार्यरत कर्मचारियों ने महीनों से लंबित वेतन के भुगतान और न्यूनतम वेतन निर्धारित करने की मांग को लेकर सहायक अभियंता श्रीकरनपुर को प्रार्थना-पत्र सौंपा है। कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से श्रीकरनपुर क्षेत्र में जलापूर्ति का कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। प्रार्थना-पत्र में कर्मचारियों ने कहा कि आर्थिक तंगी के बावजूद वे आम जनता को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अपनी सेवाएं लगातार दे रहे हैं। बढ़ती महंगाई और घरेलू जिम्मेदारियों के बीच वेतन नहीं मिलने से उन्हें दैनिक जीवन चलाना अत्यंत कठिन हो गया है। कर्मचारियों ने मांग की है कि लंबित वेतन का भुगतान तुरंत करवाया जाए। साथ ही वर्तमान महंगाई को देखते हुए ठेका कर्मचारियों का न्यूनतम मासिक वेतन 18,000 रुपये निर्धारित किया जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो मजबूरीवश उन्हें जलापूर्ति कार्य प्रभावित करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होगी। प्रार्थना-पत्र के माध्यम से कर्मचारियों ने सहायक अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग श्रीगंगानगर से अनुरोध किया है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को राहत मिल सके। इस अवसर पर सतवीर सिंह, राम कुमार, अर्शदीप सिंह, जोतराम, शीशपाल, गुरप्रीत सिंह, सुखराम, लालचन्द, पुनीत कुमार, हितेश कुमार, बजरंग व बबलू इत्यादि मौजूद रहे ।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।