अम्बाला/मुलाना:अशोक शर्मा। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को बराड़ा व मुलाना की अनाज मंडियों का दौरा कर सरसों एवं गेहूं की खरीद व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडियों में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, फसल सत्यापन प्रक्रिया, बिजली-पानी, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा बायोमैट्रिक प्रणाली अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मंडियों में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल सत्यापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने स्पष्ट किया कि मंडियों में बिजली, पानी, सफाई, तौल, उठान और भुगतान से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और पारदर्शी खरीद प्रक्रिया सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंडी दौरे के दौरान मुलाना मंडी में स्थित भूमि एवं जल परीक्षण प्रयोगशाला का भी दौरा किया गया। वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई तथा प्रयोगशाला में किए जाने वाले विभिन्न परीक्षणों की प्रक्रिया को समझा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भूमि और जल की गुणवत्ता जांच प्रणाली को और सुदृढ़ बनाया जाए।
एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने बताया कि मंडियों में किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर फसल सत्यापन कार्य तेजी से किया जा रहा है और संबंधित पटवारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संतोष चौहान सारवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मंडियों में पारदर्शी खरीद तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
मार्केट कमेटी सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडी में बायोमैट्रिक प्रणाली के माध्यम से गेट पास जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि केवल निर्धारित नमी वाले गेहूं की ही खरीद की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं की आवक आने वाले दिनों में बढ़ेगी, इसलिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे और कैंटीन सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दौरे के दौरान मंडी से जुड़े अधिकारियों और आढ़तियों ने अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने तुरंत संबंधित उच्चाधिकारियों को आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि किसानों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और गेहूं की आवक के अनुसार उठान कार्य में तेजी लाई जाएगी।
मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लाएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों की हर संभव सहायता के लिए तत्पर है और किसी भी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से जुड़े हैं और किसानों की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं, इसलिए उनका उद्देश्य किसानों को हर संभव राहत प्रदान करना है
इस अवसर पर नगरपालिका चैयरमेन रजत मलिक, डीएमईओ राजीव शोलंकी, डीएम हैफेड देवेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार बराड़ा आलमगीर, नायब तहसीलदार मुलाना सतविंदर कुमार, मार्किट कमेटी सचिव राहुल मेव व मांगेराम, चैयरमैन मंडी बोर्ड बराड़ा कुलराज शर्मा, उप चेयरमैन मंडी बोर्ड बराड़ा योगेश, चेयरमैन मंडी बोर्ड मुलाना जसमेर राणा, मंडल अध्यक्ष डिंपल राणा, मोनिका कालड़ा, महामंत्री रिंकू मचल व तुसार अग्रवाल, डॉ कुलदीप, हरदीप राणा थंबड़, डॉ बलदेव थंबड़, सुरेंदर अग्रवाल मेंबर मंडी बोर्ड, जसविंदर फौजी, रामकुमार, सुरेंदर कुमार, जोहर सिंह, सुकान्त कंड़रा, राजबीर होली, रामकुमार राणा व विनोद राणा थंबड़ सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर किसान, आढ़ती एवं भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।





