*आरएसएस सभी धर्मों का सम्मान करता है, छात्र संगठनों को एकजुट रहना चाहिए: स्वस्तिक गौतम*
March 9th, 2026 | Post by :- | 62 Views

मनोज शर्मा,चंडीगढ़ । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) सभी धर्मों का सम्मान करने वाला संगठन है। यह विश्व का सबसे बड़ा देशभक्त संगठन है और देशहित के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यह बात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के ज्वाइंट सेक्रेटरी स्वस्तिक गौतम ने कही।

स्वस्तिक गौतम ने कहा कि छात्र संगठनों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना चाहिए, ताकि समाज और राष्ट्र के हित में सकारात्मक वातावरण बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आरएसएस के उत्तर क्षेत्र के प्रचारक बनवीर सिंह, भाई धर्म सिंह जी की 11वीं पीढ़ी से जुड़े गुरप्रीत सिंह दलाल, ग्लोबल पंजाबी एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ. सोरन सिंह, पंजाब यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रो. रेनू विग तथा भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा ने संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सिख गुरुओं, विशेषकर गुरु तेग बहादुर जी और पंज प्यारे के भारतीय सभ्यता और संस्कृति में योगदान तथा देश के लिए उनके महान बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

स्वस्तिक गौतम ने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम का किसी भी प्रकार की राजनीति से कोई संबंध नहीं था। यह कार्यक्रम पूरी तरह से पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्रों द्वारा आयोजित किया गया था।

उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक होने के कारण कुछ छात्र संगठनों द्वारा कार्यक्रम का विरोध किया गया, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का विरोध छात्रों और विरोध करने वालों की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।