अंबाला:अशोक शर्मा।
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) के दृष्टिगत बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय कन्वर्जेन्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए पीएमएजीवाई के तहत गांवो में किए जाने वाले विकास कार्यो बारे विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला परिषद गगनदीप ने उपायुक्त को अवगत करवाते हुए बताया कि विलेज डेवलपमेंट प्लान के तहत नियमों की पालना करते हुए चयनित किए गए गांवों में लाखों रूपये की राशि से विकास कार्यों को करवाया जाना प्रस्तावित है। विकास कार्यों से सम्बन्धित प्रारूप तैयार कर लिया गया है।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बैठक के दौरान सम्बन्धित को निर्देश देते हुए कहा कि इन विकास कार्यों के तहत गांवों में स्थित आंगनवाडी केन्द्रों से सम्बन्धित, पेयजल व्यवस्था से सम्बन्धित कार्य, शमशान घाट में पक्का रास्ते से सम्बन्धित कार्य के साथ-साथ गलियों व अन्य विकास कार्यों को किया जाए। उन्होने बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जो कार्य किए जाने हैं उसकी विस्तार से समीक्षा की तथा उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों को आगामी समय में बेहतर समन्वय के साथ करना सुनिश्चित करना है ताकि ग्रामवासियों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद गगनदीप सिंह, बीडीपीओ जोगेश कुमार, बीडीपीओ फैनी, बीडीपीओ किन्नी गुप्ता, बीडीपीओ अश्वनी, डीएफएससी निशांत राठी के साथ-साथ अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।





